Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 14, 2026

बागेश्वर में जंगली सुअर के भय से महिला खाई में गिरी, घायल

बागेश्वर। जिला मुयालय से लगे स्यूनी गांव की एक महिला जंगली सुअर दिखने से डर से असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ की महिलाओं ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों की मदद से महिला को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है। जिला अस्पताल में भर्ती महिला के पति मदन सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह उनकी पत्नी 41 वर्षीया हंसी देवी गांव की अन्य महिलाओं के साथ घास लेने जंगल गई थी। इसी बीच स्यूनी गधेरे में पास उसे जंगली सुअर दिखाई दिया। उससे बचने के लिए वह भागने लगी तो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। उसकी चीख पुकार सुनकर साथ में गई महिलाओं ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी। सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डोली में बैठाकर सड़क तक लाए। यहां से निजी वाहन से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र से लंबे समय से सुअरों का आतंक है। पहले भी सुअरों ने कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया है। सुअरों के आतंक से महिलाओं का लकड़ी और घास लाने जंगल जाना दूभर हो गया है। महिला का इलाज कर रही डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि महिला के सिर पर आठ टांके लगे हैं। एक्सरे कराकर इलाज शुरू कर दिया है। जल्द उनके स्वास्थ्य में सुधार हो जाएगा। ग्रामीण त्रिलोक सिंह, मदन सिंह, दरवान सिंह, पुष्पा देवी, कमला देवी ने वन विभाग से सुअरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

You may have missed

Advertisement