कपकोट तहसील के अस्पतालों के लिए 20 थर्मल स्कैनर पहुंचे
बागेश्वर। हंस फाउंडेशन के सहयोग से क्षेत्रीय विधायक और जिपं अध्यक्ष ने कपकोट तहसील के अस्पतालों के लिए 20 थर्मल स्कैनर उपलब्ध कराए। इस स्कैनर से होम क्वारंटाइन और संस्थागत क्वारंटाइन में रह रहे लोगों की जांच होगी। एक मशीन विधायक ने कपकोट के अस्पताल को भी भेंट किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट में आयोजित कार्यक्रम में विधायक भौर्याल ने कहा कि इन दिनों गांव-गांव में विभिन्न रायों से लोग पहुंचे हैं। उन्हें स्कूलों और पंचायत घ्ज्ञर में बने क्वारंटाइन सेंटरों में रखा गया है। उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच की जा रही है। इस काम में थर्मल स्कैनर की कमी आड़े आ रही थी। हंस फाउंडेशन से बात कर उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया है। उन्होंने एक स्कैनर अस्पताल को सौंपा। इसके अलावा अन्य स्कैनर फरसाली, गोगिना, माजखेत समेत विभिन्न अस्पतालों में भेजा जाएगा। जिपं अध्यक्ष बसंती देव ने कहा कि हर प्रवासी की आसानी से जांच हो इसके लिए स्कैनर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, गणेश सुरकाली, प्रकाश जोशी, बलबीर टाकुली और नारायण कोश्यारी आदि मौजूद थे।
