Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 11, 2026

जानिए बद्रीनाथ हेलीपैड पर हवाई सेवाओं की रोक का कारण

देहरादून ( आखरीआंख समाचार ) डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने बदरीनाथ हेलीपैड को मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर यहां हवाई सेवाओं पर रोक लगा दी है। अब शासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने हुए डीजीसीए से पुनः निरीक्षण कर यहां हेली सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया है। इस बीच बदरीनाथ के लिए आने वाले हेलीकॉप्टर फिलहाल गोविंदघाट तक ही आ पा रहे हैं। इसके अलावा वीआइपी दौरों के लिए बदरीनाथ में ही स्थित सेना के हेलीपैड का इस्तेमाल किए जाने का विकल्प खुला रखा गया है।
बदरीनाथ धाम में देव दर्शनी के पास स्थित सरकारी हेलीपैड को लेकर कुछ शिकायतें थी। इस पर डीजीसीए की एक टीम ने यहां आकर मौका मुआयना किया। इसके बाद एक विस्तृत रिपोर्ट डीजीसीए को भेजी गई। इस रिपोर्ट में हेलीपैड के मानकों के अनुरूप न होने का जिक्र किया गया था। इस पर डीजीसीए ने गत 19 अक्टूबर को इस हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर के उड़ने व उतरने पर रोक लगा दी। इसके साथ ही डीजीसीए ने उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूकाडा) से मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए थे। इस पर यूकाडा ने डीजीसीए द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर काम करना शुरू किया। इस बीच यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शासन ने स्थानीय प्रशासन को बदरीनाथ आने-जाने वाली हेली सेवाओं के लिए गोविंदघाट हेलीपैड इस्तेमाल करने को कहा। अभी बदरीनाथ आने वाले यात्री इसी हेलीपैड का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, यूकाडा ने अब बदरीनाथ हेलीपैड पर काम तकरीबन पूरा कर लिया है। इसके साथ ही डीजीसीए को इस हेलीपैड का निरीक्षण कर यहां फिर से नियमित उड़ान शुरू करने के लिए अनुमति देने का अनुरोध किया गया है। अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन ओमप्रकाश ने कहा कि कुछ तकनीकी दिक्कतों के चलते बदरीनाथ के लिए उड़ान बंद थी। अब यहां फिर से सेवाएं शुरू करने के लिए डीजीसीए को पत्र भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही यहां हवाई सेवा शुरू हो जाएगी।

Advertisement