बागेश्वर के दिव्यांग को नही मिली 30 वर्ष तक पेंशन ,फार्म भरवाने आज घर गए अधिकारी
बागेश्वर। सालों से दिव्यांग पेंशन को लगवाने के लिए परेशान बबलू कुमार के आखिरकार प्रशासन का साथ मिल ही गया। शुक्रवार को सहायक समाज कल्याण अधिकारी और राजस्व उपनिरीक्षक उसके गांव सिमकूना पहुंचे। उन्होंने युवक का दिव्यांग पेंशन का फार्म भरवाया। आज शनिवार को एसडीएम के निर्देश पर तहसील कार्यालय में उसका आधार कार्ड बनवाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सिमकूना गांव का 30 वर्षीय दिव्यांग युवक बबलू के फिंगर प्रिंट स्केन नहीं हो पाने से आधार कार्ड नहीं बन रहा था। इसके चलते 2015 में दिव्यांग सर्टिफिकेट बनने के बाद भी उसकी पेंशन नहीं लग पाई। उसकी माता का कई साल पहले देहांत हो गया था। 2017 में पिता भी चल बसे। इसके बाद से उसके सामने दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल था। चाचा और चाची किसी तरह से उसकी जिमेदारी उठा रहे थे। एसडीएम के निर्देश पर सहायक जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश ल्यूनी, राजस्व उपनिरीक्षक हरीश तिरुवा युवक के घर पहुंचे। उसका दिव्यांग पेंशन का फार्म भरवाया गया। इस मौके पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद कुमार और ग्राम प्रधान मोहन आर्या ने भी सहयोग दिया। युवक के गांव जाकर दिव्यांग पेंशन का फार्म भरवा दिया गया है। शनिवार को उसे तहसील कार्यालय लाकर उसका आधार कार्ड बनवाने की कार्रवाई की जाएगी। तीन दिन के भीतर उसकी पेंशन लग जाएगी। तहसील प्रशासन उसे अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाएगा। युवक को आत्मनिर्भर बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। – योगेंद्र सिंह, एसडीएम कांडा।
