दिव्यांग प्रमाणपत्र रखने का झंझट खत्म,अब बनेगा यूडीआईडी
-यूडीआईडी कार्ड से 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग लोगों को मिलेगी देशभर में निशुल्क यात्रा की सुविधा
-जो 100फीसदी दिव्यांग हैं, उनके सहायकों को भी बसों और ट्रेनों में निशुल्क यात्रा का मिलेगा लाभ
रुद्रपुर। उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांग प्रमाण पत्र का झंझट खत्म कर दिया है। अब उनके लिए एक विशेष यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगजन पहचान पत्र) बनेगा। इसके सहारे वे देशभर में ट्रेनों और बसों में निशुल्क यात्रा एवं अन्य योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। समाज कल्याण विभाग दिव्यांगों के लिए दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाता है। जो लोग 40 फीसदी तक दिव्यांग हैं, वर्तमान में उन्हें उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों और ट्रेनों में राय में कहीं भी निशुल्क यात्रा का लाभ मिलता है। अब यूडीआईडी कार्ड से उन लोगों को भी देशभर में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी, जो 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग हैं। यही नहीं, जो लोग सौ फीसदी दिव्यांग हैं, उनके सहायकों को भी बसों और ट्रेनों में निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। ऊधमसिंह नगर जिला समाज कल्याण अधिकारी नवीन भारतीय ने बताया कि यूडीआईडी कार्ड बनने के बाद दिव्यांगों को राय से बाहर भी निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। कार्ड होने से दिव्यांग प्रमाणपत्र रखने का झंझट खत्म हो जाएगा। कार्ड के माध्यम उन्हें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
10 हजार दिव्यांगों को मिलती है पेंशन
ऊधमसिंह नगर जिले में ऐसे दिव्यांगों की संया 10 हजार से अधिक है, जो 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग है। इन्हें समाज कल्याण विभाग की ओर से पेंशन दी जाती है। इसके अलावा, एक साल से 18 साल की उम्र वाले दिव्यांगों की संया 889 है। कोरोना काल को देखते हुए सितंबर में दिव्यांगों के खाते में एक महीने की एडवांस पेंशन डाली गई थी।
सीएमओ कार्यालय और दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में करें आवेदन
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए जिला अस्पताल में मौजूद जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र और सीएमओ कार्यालय में भी आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए उनको दिव्यांग प्रमाणपत्र, फोटो और आधार कार्ड लाना होगा।
