जल्द रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी
बागेश्वर। जिला अस्पताल सहित जिले के अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेडियोलॉजिस्ट का पद लंबे समय से रिक्त है। जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटक गया है। जिसके कारण रोजाना अल्ट्रासाउंड कराने आ रहे सैकड़ों मरीजों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। जिसके कारण लोगों में शासन-प्रशासन के खिलाफ रोष पनप रहा है। शुक्रवार को जिपं उपाध्यक्ष के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने एडीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने जल्द रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों का एक शिष्टमंडल अपर जिलाधिकारी हेमंत कुमार वर्मा से मिला। उन्होंने कहा कि पर्वतीय जिला बागेश्वर काफी दुर्गम है। स्वास्थ के क्षेत्र में यहां सुविधाओं की कमी है। ऐसे में जिला अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ केंद्रों में रेडियोलाजिस्ट के पद कई माह से रिक्त होने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्भवती महिलाओं व अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए जिले से बाहर जाना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों परेशानी को इससे अधिक दिक्कत हो रही है। उन्होंने जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ केंद्र बैजनाथ, कपकोट और कांडा में शीघ्र रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करने की मांग की। कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे क्षेत्रीय जनता उग्र आंदोलन को बाध्य होगीे। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य घनश्याम तिवाड़ी, उमा रावत, जिला पंचायत सदस्य सुनील दोसाद, कौशल उपाध्याय, भुवन फर्स्वाण, योगेश परिहार, भुवन परिहार, रोहित परिहार, अंकित जोशी आदि मौजूद थे।
