March 16, 2026

कल से हल्द्वानी-गुरना दफौट पहुंचेगी केमू बस

बागेश्वर। लंबे समय से केमू सेवा से महरूम गांवों में अब बस पहुंचेंगी। रविवार से हल्द्वानी गुरना बस सेवा शुरू होगी। पिथौरागढ़ जाने वाली बस अब सात के बजाए साढ़े छह बजे जाएगी। आठ बजे वाली बस भी जल्द शुरू होगी। मालूम हो कि 24 मार्च को जनता कर्फ्यू लगा। उसके बाद चार चरणों में लॉकडाउन हुआ। चार मई से अनलॉक प्रक्रिया चली। शुरू में केमू प्रबंधन ने 50 प्रतिशत सीट पर बस चलाने से मना कर दिया। जुलाई से सेवा शुरू हुई, लेकिन सवारियां नहीं मिली। अब सरकार ने पुरानी व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके बाद केमू प्रबंधन ने भी अपनी छह महीने से बंद सेवाओं को भी खोलना शुरू कर दिया है। हल्द्वानी से गुरना को आने वाली बस रविवार से शुरू होगी। इसी तरह हल्द्वानी-धपोलासेरा भी बस चलेगी। बागेश्वर से पिथौरागढ़ सात बजे जाने वाली बस अब साढ़े छह जाएगी। आठ बजे वाली बस भी जल्द शुरू होगी। बस चलने से क्षेत्र में रहने वाले लोगों को किराये में राहत मिलेगी। अभी तक वे लोग मजबूरी में अधिक किराया लेकर जीप अथवा कार में जाने को मजबूर थे। केमू के स्थानीय प्रबंधक धरणीधर जोशी ने बताया कि अन्य बंद मार्गों पर भी जल्द वाहन चलाए जाएंगे। पिथौरागढ़ जाने वाली सात बजे वाली बस अब साढ़े छह बजे जाएगी।