September 21, 2024

श्रम विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेसियों में रोष

बागेश्वर। श्रम विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेसियों में नाराजगी है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभाग पर श्रमिकों के साथ अछा बर्ताव नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने श्रम अधिकारी को ज्ञापन देकर मामले का संज्ञान लेने को कहा। उन्होंने जल्द श्रमिकों की समस्याओं का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में कार्यकर्ता श्रम अधिकारी से मिले। उन्होंने कहा कि विभाग श्रमिकों के साथ अछा व्यवहार नहीं कर रहा है। श्रम कार्ड बनाने व रिनुवल कराने वालों को कई बार चक्कर कटवाए जा रहे हैं। कुछ लोग सालों से चक्कर काट रहे हैं। बताया कि वास्तविक श्रमिकों को लाभ नहीं दिया जा रहा है। बताया कि श्रम विभाग के कर्मचारी व अधिकारी भी श्रमिकों को गुमराह करने में लगे हैं। बताया कि श्रमिकों की परेशानी को न तो प्रशासन सुन रहा है और न ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि। जिसके कारण श्रमिक निराश और हताश हैं। उन्होंने श्रम अधिकारी से जल्द श्रमिकों की समस्याएं दूर करने को कहा। मांग पूरी नहीं होने पर कार्यालय परिसर में धरना देकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि महेश पंत, बहादुर सिंह, अर्जुन देव, इंद्रा देवी, आशा देवी, पुष्पा देवी, मंजू देवी आदि मौजूद रहे।