March 27, 2026

बागेश्वर में नंदा देवी गौरा कन्याधन योजना का लाभार्थियों को लाभ नहीं मिलने पर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

-सीएम को पत्र भेज की पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग

बागेश्वर। जिले के कई लाभार्थियों को 2017-18 के नंदा देवी गौरा कन्याधन योजना का लाभ नहीं मिला है। इसको लेकर कांग्रेसियों ने विरोध जताया। मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने विकास भवन में प्रदर्शन किया। मुयमंत्री को ज्ञापन भेज जल्द पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि जिले में नंदा गौरा कन्या धन योजना के 2017-18 के लाभार्थियों को अब तक लाभ नहीं मिला है। वहीं साल 2015-16 और 2019 के पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्व के लाभार्थी अब तक लाभ से वंचित हैं, जबकि बाद में आवेदन करने वालों को इसका लाभ मिल चुका है। इसके चलते पहले के लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से मुयमंत्री को ज्ञापन भेजा। सरकार से योजना के लाभ से वंचित पात्रों की समस्या का निदान करने की मांग की। उन्होंने जल्द लाभार्थियों की समस्या का निदान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर भुवन प्रसाद, महेश पंत, राजा पांडेय, गौरव पाठक, बहादुर सिंह बिष्ट, भावना, नीतू रानी, प्रियंका आर्या, पूजा, लक्की, योति, पूनम, रेनू आदि मौजूद रहे।