Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

सड़क निर्माण नहीं होने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा 

बागेश्वर। बेहरगांव-बक्सरझूना मोटर मार्ग का निर्माण किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल लिया है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जल्द सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो वे समूह बनाकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में बेहरगांव के ग्रामीणों ने सरकार की उपेक्षा को लेकर रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि बेहरगांव में 45 से अधिक अनुसूचित जाति के परिवार निवास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार मोटर मार्गों का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की जा रही है। कई बार सड़क मार्ग को लेकर लिखित व मौखिक रूप से उचाधिकारियों को बताया जा चुका है। इसके बाद भी क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। अगर सड़क मार्ग का निर्माण अन्य जगहों पर नहीं हो रहा होता तो वे भी समझ जाते कि प्राकृतिक दिक्कतों के कारण ऐसी स्थिति बनी होगी। जबकि ऐसा नहीं है। सोची समझी रणनीति के तहत गांव की उपेक्षा की जा रही है। ग्राम प्रधान बेहरगांव गीतांजलि ने कहा कि अब अंतिम बार प्रशासन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन दिया जा रहा है। अगर इसके बाद भी सड़क निर्माण और किमी 6 पर पुलिया का निर्माण नहीं किया गया तो फिर सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। किसी प्रकार का छलावा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर सुनील कुमार, हेमंत टटा, रोहित कुमार, आनंद गड़यिा, संजय कुमार, दिनेश कुमार, मोहन लाल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Advertisement