Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 22, 2026

एक बांग्लादेशी को किया गिरफ्तार

रुड़की ( आखरीआंख समाचार ) साबिर पाक के सालाना उर्स में खुफिया विभाग की टीम ने कलियर में चेकिंग और सत्यापन के दौरान एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साबिर पाक के सालाना उर्स में एलआईयू और स्पेशल ब्रांच की टीम कलियर दरगाह क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान कलियर दरगाह क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति घूमता दिखाई दिया। उसके हाव भाव से खुफिया विभाग की टीम को उस पर शक हुआ। खुफिया विभाग की टीम व्यक्ति को पकड़कर थाने ले आई। व्यक्ति को थाने लाकर एलआईयू की टीम ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पूछने पर उसने अपना नाम साईबुल पुत्र मन्तु मियां ग्राम फैनी थाना कोतवाली फैनी लाल दिगी जिला फैनी बांग्लादेश बताया। एलआईयू प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक ने पूछताछ में बताया कि वह कलियर दरगाह क्षेत्र में करीब 8 दिन पहले आया था। उसने यह भी बताया कि कई साल पहले एक बाबा भेषधारी ने बॉर्डर पार कर भारत भिजवाया। कुछ दिन कोलकाता में रहा। उसके बाद वह अजमेर शरीफ , अहमदाबाद और कन्नौज में रहा। कन्नौज से वह दिल्ली आया और दिल्ली से कलियर आया था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विदेशी पासपोर्ट अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। टीम में एलआईयू कलियर प्रभारी दर्शन सिंह नेगी, सतीश सिह जोशी , अमित गिरि, आदि शामिल रहे ।

Advertisement