बागेश्वर में भारी बारिश की आशंका से कल रहेगा समस्त विद्यालयों में अवकाश
बागेश्वर । प्रभारी जिलाधिकारी, बागेश्वर चंद्र सिंह इमलाल ने अवगत कराया है कि भारत मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा दिनाँक 16 अक्टूबर,2021 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटे तक उत्तराखंड राज्य क्षेत्रान्तर्गत के जनपदों सहित जनपद बागेश्वर में भारी वर्षा की चेतावनी निर्गत की गयी है। जनपद में सरयू एवं गोमती नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना के दृष्टिगत गाड-गधेरो में तीव्र उफ़ान की सूचना प्राप्त हो रही है। जनपद के विद्यायल/आंगनबाड़ी केंद्रों में जाने वाले विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के दृष्टिगत जनपद अंतर्गत कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय व अशासकीय शैक्षणिक संस्थानो और आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनाँक 18 अक्टूबर,2021 को 01 दिन का अवकाश घोषित किया जाता है। उन्होंने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास बागेश्वर समस्त शैक्षणिक संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में उक्त आदेश का अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे।
