Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 10, 2026

उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं की देश-दुनिया में धमक, इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान

देहरादून । उत्तराखंड की खेल प्रतिभाएं देश-दुनिया में धमक दिखा रही हैं। मेलबोर्न रेनगेड्स ने भारतीय खिलाड़ी उन्मुक्त चंद को बिग बैश लीग (बीबीएल) के सीजन-2021-22 के लिए अपनी टीम में शामिल किया है। बीबीएल का कांट्रेक्ट हासिल करने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी हैं।
28 वर्षीय उन्मुक्त चंद ने हाल में ही भारतीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। इसके बाद वह अमेरिका की टी-20 लीग से जुड़ गए थे। उनकी टीम ने उन्मुक्त के शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता को जीता था। यही प्रदर्शन उनके बिग बैश लीग से जुड़ने का आधार बना। उन्मुक्त चंद 2012 में ऑस्ट्रेलिया में हुए अंडर 19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान, इंडिया ए के अलावा आईपीएल के लिए खेलने का भी अनुभव रखते हैं। घरेलू क्रिकेट में वह दिल्ली व उत्तराखंड की भी कप्तानी कर चुके हैं। हालांकि भारतीय टीम में उनकी एंट्री नहीं हो सकी। बीबीएल से करार होने पर उन्मुक्त चंद काफी खुश हैं उनका कहना है कि बीबीएल में खेलना उनके लिए शानदार अनुभव रहेगा। यहां अच्छी क्रिकेट खेली जाती है। वह ऑस्ट्रेलिया के ग्राउंड व स्टेडियम से अच्छी तरह परिचित हैं। 2012 अंडर 19 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके नाबाद 111 मैच जिताऊ रन आज भी हर खेल प्रेमी को याद हैं। रेनेगेड्स के कोच डेविड साकेर ने उन्मुक्त के टीम में शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा है कि वह हमारी टीम योजना का अहम हिस्सा हैं।
वह विस्फोटक बल्लेबाजी के अलावा किसी भी समय खेल का रुख बदल सकते हैं। उन्मुक्त ने अपने कॅरियर में 67 प्रथम श्रेणी मैच, 120 लिस्ट ए मैच व 77 टी-20 मुकाबले खेले हैं। उन्होंने अपना अंतिम प्रथम श्रेणी मैच 2020 जनवरी में हरियाणा के खिलाफ देहरादून में खेला था। आईपीएल में वह दिल्ली डेयरडेविल्स, राजस्थान रॉयल व मुबंई इंडियंस टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्मुक्त चंद इस महीने के आखिर में ऑस्ट्रेलिया जाएंगे और टीम के लिए पूरा सीजन उपलब्ध रहेंगे। वह टीम में ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के कप्तान आरोन फिंच की कप्तानी में खेलेंगे। इस टीम में शॉन मार्श, केन रिचर्डसन, जेम्स पैंटिनसन जैसे धाकड़ खिलाड़ी भी खेलते हैं। पिथौरागढ़ के रहने वाले उन्मुक्त चंद ने इसी साल सितम्बर-अक्तूबर में अमेरिका में मेजर टी-20 लीग सिलिकॉन वैली स्ट्राइकर से जुड़े थे।

You may have missed

Advertisement