Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 7, 2026

महंगाई के खिलाफ उत्तराखंड में पेट्रोल पंपों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दून में प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में हल्ला बोल

देहरादून। कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को प्रदेशभर में शहर और जिला मुख्यालयों के मुख्य पेट्रोल पंपों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान खाली रसोई गैस सिलेंडर भी प्रदर्शन स्थल पर रखे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों पर बढ़ोतरी के खिलाफ आक्रोश जता रहे हैं।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित यूनिवर्सल पेट्रोल पंप पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गोदियाल ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल-डीजल में बेतहाशा बढ़ोतरी के बाद मामूली छूट दी है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतें आम आदमी पहुंच से बाहर हैं। सरकार को कीमतों पर और कमी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई को लेकर जनता में आक्रोश है। भाजपा हिमाचल उपचुनाव में इसके परिणाम देख चुकी है। आने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी जनता महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भाजपा के खिलाफ वोट करेगी और कांग्रेस को सत्ता में लाएगी। कांग्रेस के संगठन महामंत्री मथुरादत्त जोशी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों पर धरने-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसमें जिला, महानगर, नगर अध्यक्ष प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हैं। इसमें सभी फ्रंटल, विभाग, प्रकोष्ठ, जिला अध्यक्ष भागेदारी निभा रहे हैं।
देहरादून में प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, संगठन महामंत्री मथुरा दत्त जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, सुशील राठी, पूर्व विधायक राजकुमार, संजय कन्नौजिया, पृथ्वीपाल सिंह चौहान, प्रभलाल बहुगुणा, महेश जोशी, दीप वोरा, राजेश शर्मा, कैप्टन बलवीर सिंह रॉवत (रि), रघुवीर सिंह, महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन, अभिनव थापर, लष्मी अग्रवाल, मनीष नागपाल आदि मौजूद रहे। उधर वहीं हरिद्वार महानगर कांग्रेस ने पेट्रोल डीजल और गैस के बढ़ते दामों के विरोध में मानव शृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने राज्य की और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई टिहरी बोराड़ी के साईं चौक में महंगाई को लेकर धरना दिया। कांग्रेस ने कहा  बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता परेशान है भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई को लेकर चुप्पी साधे हुऐ हैं। कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और धरना दिया।

Advertisement