March 17, 2026

एक और भारतीय छात्र की मौत, पंजाब का रहने वाला था चंदन

भारतीयों को तत्काल खारकीव छोडऩे का निर्देश, गोलाबारी के बीच दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी
कीव । यूक्रेन पर रूस का हमला बुधवार को सांतवें दिन में प्रवेश कर गया। यूक्रेन में रूस ने कल भीषण हमले किए। खारकीव में सरकारी इमारत को निशाना बनाया गया। यहां गोलीबारी में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले भारत के एक छात्र की मौत हो गई। रिपोर्टों में सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से दावा किया गया है कि रूस की बख्तरबंद गाडिय़ों एवं टैंकों को एक बड़ा काफिला कीव की तरफ बढ़ रहा है। इसे देखते हुए भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि यूक्रेन के खारकीव में मौजूद सभी भारतीयों को भारी गोलाबारी के बीच ‘अपनी सुरक्षा’ के लिए तुरंत शहर छोड़ दें।
भारतीय नागरिकों के लिए जारी नई एडवाइजरी में कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से वे तुरंत खारकीव छोड़ दें। उन्हें जल्द से जल्द पेसोकिन, बबाये और बेजल्युडोवाकिया की तरफ बढऩे को कहा गया है। साथ ही उन्हें हर हाल में शाम 6 बजे तक (यूक्रेनियन समय के हिसाब से) शेल्टर होम में पहुंचने को कहा गया है

एक और भारतीय छात्र की मौत, पंजाब का रहने वाला था चंदन
कीव ,। रूस और यूक्रेन की जंग के बीच एक और भारतीय छात्र की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, पंजाब के रहने वाले 22 साल के चंदन जिंदल नाम के छात्र की बुधवार को मौत हो गई। हालांकि चंदन की मौत किसी हमले में नहीं बल्कि बीमारी से हुई है।
वह यूक्रेन की विनित्सिया मेडिकल यूनिवर्सिटी के अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट थे। दिमागी स्ट्रोक के चलते वह आईसीयू में एडमिट थे। लेकिन इलाज के दौरान चंदन की बुधवार को मौत हो गई। चंदन जिंदल विनित्सिया नेशनल पाइरोगोव, मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। चंदन के पिता ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर बेटे के शव को भारत लाए जाने की मांग की है। केंद्र सरकार की ओर से कर्नाटक के नवीन को शव को भी जल्द से जल्द भारत लाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दरअसल यूक्रेन ने अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है। ऐसे में वहां किसी भी देश के विमान की लैंडिंग नहीं हो सकती है।
यूक्रेन में यह लगातार दूसरे भारतीय की मौत है। इससे पहले मंगलवार को कर्नाटक के रहने वाले नवीन की खारकीव में गोलीबारी के दौरान मौत हो गई थी। विदेश मंत्रालय ने नवीन की मौत की पुष्टि की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, हम गहरे दुख के साथ इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि मंगलवार सुबह खरकीव में हुई बमबारी में एक भारतीय स्टूडेंट की मौत हो गई। मंत्रालय भारतीय छात्र के परिवार के संपर्क में है। हम परिवार से अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
00

)रूस ने दी परमाणु युद्ध की चेतावनी, विदेश मंत्री लावरोव बोले- तीसरा विश्व युद्ध हुआ तो ये महाविनाशकारी होगा
कीव ,। यूक्रेन से साथ जंग के बीच रूस ने परमाणु युद्ध की चेतावनी दी है। कई तरह के प्रतिबंध के बाद भी रूस पीछे हटे की बजाए दुनिया को धमकाने की कोशिश की है। रूस ने दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की धमकी देते हुए परमाणु युद्ध छेडऩे की बात कही है। दरअसल, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने चेतावनी दी है कि अगर परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से तीसरा विश्व युद्ध छेड़ा गया तो यह विनाशकारी होगा। रूस ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को मालूम है कि प्रतिबंधों का नतीजा क्या होगा।
रूसी विदेश मंत्री ने कहा, मॉस्को कीव के साथ दूसरे दौर की वार्ता के लिए तैयारी कर रहा है। लेकिन यूक्रेनी पक्ष वाशिंगटन के इशारे पर अपने पैर पीछे खींच रहा है। लावरोव ने कहा, ‘हम दूसरे दौर की वार्ता के लिए तैयार हैं, लेकिन यूक्रेन का पक्ष अमेरिका के आदेश पर टालमटोल कर रहा है।’
उनका ये बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि रूसी प्रतिनिधिमंडल बुधवार की देर शाम वार्ता स्थल पर यूक्रेन के वार्ताकारों का इंतजार करेगा। पेसकोव ने पहले पुष्टि की थी कि राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की यूक्रेन के साथ रूस की वार्ता में मुख्य रूसी वार्ताकार बने हुए हैं।
00

)6 दिनों की लड़ाई में लगभग 6000 रुसी मारे गए : राष्ट्रपति जेलेंस्की
कीव , 24 फरवरी को शुरू हुई रूस के साथ इस लड़ाई में यूक्रेन को काफी नुकसान हुआ है। रूसी सेना राजधानी कीव पर आक्रामक होते हुए मिसाइलें दागकर लगातार बमबारी कर रही है। 64 किलोमीटर लंबा रूसी सेना का विशाल लश्कर राजधानी कीव के बाहर कब्जा जमाए बैठा हुआ है, जिसकी हाल ही में सैटेलाइट तस्वीरें भी सामने आई थी। इस बीच रूस की सेना को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस लड़ाई में अब तक लगभग 6000 रूसी मारे गए हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि युद्ध के 6 दिनों में लगभग 6000 रूसी मारे गए हैं। इसी के साथ यूक्रेन के खारकीव के गवर्नर का कहना है कि शहर पूरी तरह से रूसी सेना से घिरा हुआ है। मिसाइल और बमबारी के बाद अब रूसी सेना यूक्रेन के शहरों में घुसकर सडक़ पर गोलाबारी कर रही है। ऐसे में वहां रहने वाले लोगों को मौत का डर सता रहा है।
रूस का यूक्रेन के खिलाफ चल रहा युद्ध भयानक मोड़ पर जा पहुंचा है। यूक्रेन के खारकीव शहर में रूस की सेना का जबरदस्त हमला जारी है। शहर के गवर्नर ने इससे पहले दावा किया कि हवाई हमलों में 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि 112 गंभीर घायल हैं। इसी के साथ खारकीव में स्थित मिलिट्री अकेडमी पर भी रॉकेट दागा गया था।
00

)रूसी उड़ानों पर अमेरिकी प्रतिबंध आज से हुआ प्रभावी
वाशिंगटन ,। अमेरिका के यातायात विभाग एवं संघीय विमानन प्रशासन ने एक संयुक्त बयान में कहा है कि अमेरिकी हवाई क्षेत्र में रूसी विमानों पर प्रतिबंध बुधवार के अंत से लागू हो जाएगा।
अमेरिकी यातायात विभाग और संघीय विमानन प्रशासन रूसी उड़ानों और एयरलाइंस को अमेरिकी हवाई क्षेत्र में घुसने और उसका प्रयोग करने की अनुमति नहीं देगा। यह नोटिस रूस से जुड़े किसी भी व्यक्ति द्वारा प्रमाणित, संचालित, पंजीकृत या नियंत्रित सभी उड़ानों पर लागू होगा। इसमें चार्टर उड़ानें भी शामिल हैं।
यह नया नियम बुधवार के अंत से लागू होगा। अमेरिकी एयरोस्पेस कंपनी बोइंग ने भी कहा कि वह रूसी एयरलाइंस के लिए अपने कलपुर्जे, रखरखाव और तकनीकी सहायता सेवाओं को निलंबित कर रही है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, हमने मॉस्को में अपने प्रमुख कार्य निलंबित कर दिये हैं और कीव में अस्थायी रूप से अपना कार्यालय बंद कर दिया है। हम रूसी विमानों के लिए कलपुर्जे, रखरखाव और तकनीकी सहायता सेवाएं भी निलंबित कर रहे हैं। जब तक युद्ध जारी है, तब तक हमारा ध्यान क्षेत्र के अपने साथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।