डीएम ने किया हवामहल और सीसी मार्ग का लोकार्पण
बागेश्वर। डीएम विनीत कुमार ने शनिवार को नगर पालिका के 23.33 लाख से नव निर्मित आरे बाईपास से दांगण तक पांच सौ मीटर सीसी मार्ग व सूरज कुंड के समीप हवामहल जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। डीएम ने कहा कि हवामहल में स्थानीय लोग एवं यात्री जो जनेऊ संस्कार के लिए आते हैं, वे वहां पर विश्राम करते हैं। स्थानीय लोग सुबह-शाम घूमते हुए बैठते हैं। प्रकृति का आनंद लेते हैं। अब इसका जीर्णोद्धार किया गया है। ग्राम आरे बाइपास से दांगण तोक कठायतबाडा के लोगों को आने-जाने में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की बहुत पहले से ही मार्ग की मांग थी। इसका निर्माण हो गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम आरे बाईपास से दांगण तोक कठायतबाडा वार्ड में डीएम अनटाइड फंड से 18.33 लाख जारी किए थे। इससे निर्मित पांच सौ मीटर सीसी मार्ग व सूरज कुंड में जिलाधिकारी ने जिला विकास प्राधिकरण मद से पांच लाख की धनराशि हवामहल के जीर्णोद्धार के लिए जारी किए थे। डीएम मां भगवती मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने गत वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त मंदिर की सुरक्षा दीवार निर्माण, आरे बाईपास सड़क गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की। इस मौके पर सभासद नीमा दफौटी, बबीता पांडे, नीमा ड्याराकोटी, धीरेंद्र परिहार, मुन्नी मेहता, कैलाश राम, नितेश वर्मा, नवीन चंद्र आर्या, मोहन चंद्र उप्रेती, रूपा देवी, ईओ सतीश कुमार आदि मौजूद थे।
