Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

रुड़की में सीएम धामी ने पहली ड्रोन फैक्ट्री का उद्घाटन किया


रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि तकनीकी जीवन को आसान बनाती है। ड्रोन के जरिए सामाजिक बदलाव के लिए उन्होंने जनता से सुझाव आमंत्रित किए। रुड़की के रामनगर इंडस्ट्रियल क्षेत्र में उत्तराखंड की पहली और देश की सबसे बड़ी ड्रोन निर्माण फैक्ट्री का सीएम ने उद्घाटन किया। 1936 में रोटर ग्रुप ऑफ कंपनी की यह फैक्ट्री है। फैक्ट्री संचालक साजिद अंसारी ने उत्तराखंड में 150 करोड़ के निवेश की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तरखंड के 100 इंजीनियरों की भर्ती की जाएगी। फैक्ट्री में हर माह 150 से अधिक सर्वेक्षण ड्रोन और सेना के लिए 50 से अधिक एडवांस ड्रोन बनाने की क्षमता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प और विजन है कि भारत ड्रोन तकनीकी में विश्व में नंबर एक बने। इस तरह के उद्यम इसे आगे बढ़ाएंगे। देश लगातार आगे बढ़ रहा है। हथियारों का हम अब निर्यात भी करने लगे हैं। ड्रोन तकनीकी उत्तराखंड के लिए बेहद लाभदायक है। मानसून में कई जगह सड़क टूट जाती है। वहां भी ड्रोन तकनीकी काम आ सकती है। कोरोना काल में इस तकनीकी का उपयोग किया गया। केदारपुरी में ड्रोन तकनीकी की मदद से प्रधानमंत्री हर माह वहां के कामों की प्रगति को देखते हैं। ड्रोन के सामाजिक लाभ के लिए सीएम ने जनता से सुझाव मांगे। सीएम बोले, जो सुझाव बेहतर होंगे उन्हें अमल में लाया जाएगा। सरकार विकल्प रहित संकल्प के तहत काम कर रही है। रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। अब ड्रोन तकनीकी में भी रुड़की का नाम होगा। इस दौरान आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. अजीत के चतुर्वेदी, झबरेड़ा के पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, उद्यमी एचएम कपूर, पूर्व राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला महामंत्री आदेश सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक चंद्रा, रुड़की स्माल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से बीबी गुप्ता, राकेश मित्तल, एक्यू अंसारी, राजकुमार शर्मा, केतन भारद्वाज, नवीन गुलाटी, भरत कपूर, प्रवीण मेहंदीरत्ता आदि मौजूद रहे।

Advertisement