Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 10, 2026

प्रियंका गाँधी की भूमिका बढ़ेगी


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका बढ़ेगी। कांग्रेस के जानकार नेताओं का कहना है कि उनको सिर्फ उत्तर प्रदेश का प्रभारी बना कर नहीं रखा जाएगा। उनको उत्तर प्रदेश के साथ साथ कुछ और राज्यों का प्रभारी बनाया जा सकता है या उनके लिए कोई नया पद बनाया जा सकता है। यह भी कहा जा रहा है कि अगर राहुल गांधी अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो प्रियंका या तो अध्यक्ष बनेंगी या संगठन महामंत्री बनेंगी। ध्यान रहे चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी उनको संगठन महामंत्री बनाने का सुझाव दिया था। कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक इस साल होने वाले दोनों राज्यों के चुनाव में वे अहम भूमिका निभाएंगी, खास कर हिमाचल प्रदेश में जहां उनके करीबी राजीव शुक्ला प्रभारी हैं। प्रियंका ने ही राजीव शुक्ला को राज्यसभा में भिजवाया है।
बहरहाल, मध्य प्रदेश में मेयर के चुनाव में कांग्रेस के तीन शहरों में जीतने के बाद जिस तरह की चर्चा हो रही है उससे भी लग रहा है कि वे मध्य प्रदेश में कुछ भूमिका निभाएंगी। मध्य प्रदेश के नतीजों बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी तो पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने उनका आभार जताते हुए ट्विट किया की सभी कांग्रेसजनों के कमलनाथ के नेतृत्व में एकजुट होकर लडऩे से यह नतीजा आया है। इसी ट्विट में उन्होंने लिखा कि अब 2023 के विधानसभा चुनावों की तैयारी करनी है। ध्यान रहे कमलनाथ भी प्रियंका गांधी वाड्रा के संपर्क में हैं और पार्टी उनकी कमान में चुनाव लडऩे की तैयारी कर रही है।

Advertisement