ग्रामीण काश्तकारों को दी गई जैविक बागवानी की जानकारी
श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल केंद्रीय विवि के उद्यान विभाग चौरास में परम्परागत कृषि विकास योजना (पीकेवीवाई) के अंतर्गत शील बायोटेक लिमिटेड, नई दिल्ली एवं उद्यान विभाग टिहरी गढ़वाल के सहयोग से भिलंगना विकास खंड के विभिन्न ग्रामों के 50 से अधिक ग्रामीण काश्तकारों को गढ़वाल विवि के उद्यान विभाग में प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में प्रतिभागी काश्तकारों को जैविक बागवानी उत्पादन हेतु प्रेरित करने के साथ-साथ जैविक खेती से जुड़े महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जानकारी दी गई। उद्यानिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. तेजपाल सिंह बिष्ट द्वारा द्वारा परंपरागत कृषि विकास योजना पर जोर देते हुए काश्तकारों को आजिविका वर्धन एवं आमदनी दोगुनी करने हेतु वैज्ञानिक पद्धति से बागवानी करने का सुझाव दिया गया। डॉ. नसीरुद्दीन शाह एवं डॉ. विवेक द्वारा कास्तकारों को सफल नर्सरी उत्पादन पर प्रयोगात्मक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान शील बायोटेक लिमिटेड से आये अधिकारियो एवं ग्रामीण कास्तकारों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को वैज्ञानिकों के समक्ष रखा, जिसका विभाग के वैज्ञानिकों द्वारा समाधान भी किया गया।
