Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

हमें खिलाडिय़ों पर भरोसा करने की जरूरत : पांड्या


मोहाली । भारत के हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार विकेट की करारी हार के बाद कहा है कि टीम को अपने खिलाडिय़ों पर भरोसा जताना होगा।
उल्लेखनीय है कि भारत को अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप 2022 में 23 अक्टूबर को अपना अभियान शुरू करना है, लेकिन पिछले कुछ मैचों के नतीजे टीम के लिये चिंताजनक रहे हैं। भारत ने जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में अपने पिछले चार में से तीन मैच डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी के कारण हारे हैं। मोहाली में खेले गये टी20 मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाये थे, लेकिन गेंदबाज इस बड़े स्कोर की रक्षा नहीं कर सके।
पांड्या ने कहा,हम सभी जानते हैं कि जसप्रीत बुमराह टीम में क्या लाते हैं और वह हमारे लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। हमारे लिये चिंतायें उभरेंगी, लेकिन हमें अपने खिलाडिय़ों पर भरोसा करना होगा। ये देश में सबसे अच्छे 15 लोग हैं, इसलिए वे टीम में हैं। जसप्रीत के वहां होने से बहुत फर्क पड़ता है, लेकिन वह एक चोट के बाद वापस आ रहा है। यह महत्वपूर्ण है कि उसे लौटने के लिए पर्याप्त समय मिले और वह खुद पर ज्यादा दबाव न डाले।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार का रंग एशिया कप में श्रीलंका और पाकिस्तान के हाथों मिली शिकस्त से मिलता है। कंगारुओं को अंतिम चार ओवर में 55 रन चाहिये थे, लेकिन अपनी विविधता के लिये मशहूर हर्षल पटेल की वापसी के बावजूद भारत डेथ ओवरों में रनगति पर लगाम नहीं लगा सका और चार गेंदें रहते हुए हार गया। पांड्या ने कहा, हम एक टीम के रूप में बेहतर होना चाहते हैं। हारना आपको बहुत कुछ सिखाता है। हम एक प्रक्रिया पर चलने वाली टीम हैं और जब तक विश्व कप आएगा, हम अपनी प्रक्रियाओं को बेहतर बनाएंगे और देखेंगे कि हम कहां सुधार कर सकते हैं। मैं खिलाडिय़ों के बारे में बहुत आश्वस्त हूं। एकाध मैचों के नतीजे ज्यादा कुछ नहीं बदलते हैं। पांड्या ने अंतिम ओवरों की गेंदबाजी पर कहा,  हम किसी एक पर इलजाम नहीं रख सकते। यह एक खेल है। यह द्विपक्षीय सीरीज है, हमें दो और मैच मिलेंगे और हम बेहतर खेलने की कोशिश करेंगे। पांड्या का फॉर्म में लौटना हालांकि भारत के लिए काफी सकारात्मक था।
पहले टी20 में 30 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाने वाले पांड्या ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर कहा,मैं नंबर पांच पर अपनी भूमिका देखता हूं। मुझे पांच पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा गया है। इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है। मुझे जहां भी और जब भी बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है, मैं इसका आनंद लेता हूं। बल्लेबाजी मेरे दिल के बहुत करीब है, इसलिए मुझे जितनी गेंदें मिलें, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर मुझे 10 गेंदें बल्लेबाजी करने को मिलती हैं, तो वह भी ठीक है। उन्होंने कहा,  मुझे पता है कि मेरे पास हाल ही में बहुत अच्छे दिन रहे हैं, लेकिन मेरे अच्छे दिनों में भी मेरा ध्यान इस बात पर है कि मैं कैसे बेहतर हो सकता हूं। आज मेरा खेल अच्छा था लेकिन यह मैच खत्म हो गया है। मुझे अगले मैच के लिए तैयार रहना होगा और सुनिश्चित करना होगा कि मैं कुछ नया करने के लिए तैयार हूं।
00

)टेलर की टीम से भिड़ेंगे लारा के धुरंधर
देहरादून । वेस्टइंडीज लीजेंड्स उत्तराखंड के देहरादून में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज 2022 के 13वें मैच में न्यूजीलैंड लीजेंड्स से भिड़ेगी।
यह देहरादून में टूर्नामेंट का पहला मैच होगा। इंदौर में इंग्लैंड पर आठ विकेट की जीत के बाद वेस्टइंडीज लीजेंड्स आत्मविश्वास से भरी हुई है। क्रिसमार सैंटोकी और सुलेमान बेन की शानदार गेंदबाजी की बदौलत विंडीज ने पहले इंग्लैड के बल्लेबाजों को पांच विकेट पर 156 रन पर रोक दिया। बाद में ड्वेन स्मिथ और विलियम पर्किन्स के अर्धशतकों ने ब्रायन लारा की टीम को तीन मैच में पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचाया।
स्मिथ टूर्नामेंट के रनों की मशीन के तौर पर सबसे आगेे हैं और दाएं हाथ के बल्लेबाज का लक्ष्य न्यूजीलैंड की गुणवत्तापूर्ण गेंदबाजी के खिलाफ अपने फॉर्म को जारी रखना होगा। रॉस टेलर के नेतृत्व वाले न्यूजीलैंड लीजेंड्स को शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा था, जबकि भारत के खिलाफ इंदौर में पिछला मैच गीले आउटफील्ड के कारण रद्द हो गया।
टी20 मैचों में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज ने 19 बार एक-दूसरे का सामना किया है। इनमें से न्यूजीलैंड ने 11 जीते हैं जबकि विंडीज ने छह में जीत हासिल की है।
00

You may have missed

Advertisement