October 18, 2024

त्यूणी और रोहडू हमेशा याद रहेगा:  ग्रेट खली


विकासनगर। विश्व प्रसिद्ध रेसलर ग्रेट खली दलीप सिंह राणा हिमाचल प्रदेश के सिलाई अपने गांव घयारना से रोहडू जाते समय देर शाम को एक ढाबे में खाना खाने के लिए रुके। खली के त्यूणी पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली और कई लोगों ने खली से ऑटोग्राफ भी लिए। शुक्रवार को अपने गांव से रेसलर खली रोहड़ू में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने त्यूणी के रास्ते जा रहे थे। त्यूणी पहुंचते ही खली भोजन करने के लिए चन्द्र बहादुर के ढाबे के पास अपनी कार से उतरे। तभी लोगों को खली के त्यूणी पहुंचने और ढाबे रुकने की खबर मिल गई। सैकड़ों की तादात में लोग खली से मिलने के लिए पहुंचे। यहां खली ढाबे पर आधे घंटे के लिए खाने के लिए रुके। इस दौरान समर्थकों ने उन्हें घेर लिया। खली के सुरक्षा गार्डों और मौके पर पहुंची पुलिस के भीड़ को हटाने में पसीने छूट गए। भीड़ से बाजार जेपीआरआर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गयी। मार्ग के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। इससे खली का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इस दौरान खली ने लोगों को समझाते हुए कहा कि त्यूणी और रोहडू में उनके गरीबी के दिन गुजरे हैं। त्यूणी और रोहडू को करीब से जानते हैं, जिसे वे कभी नहीं भुला सकते। त्यूणी और रोहडू उन्हें हमेशा याद रहेगा। इसीलिए वह आज त्यूणी पहुंचे और वहां पर खाना खाया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ के बीच से खली को निकालकर उनके काफिले को रोहडू के लिए रवाना किया।