Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

खटीमा में बाघ ने छात्र पर किया हमला, गंभीर घायल


रुद्रपुर ।   बग्घा-54 गांव में शुक्रवार को बाजार जा रहे 17 वर्षीय छात्र पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे खटीमा के उप नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ से सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। बग्घा-54 गांव निवासी खुशाल सिंह बिष्ट का पुत्र ईश्वर सिंह बिष्ट हाईस्कूल का छात्र है। शुक्रवार सुबह वह गांव से न्यूरिया कॉलोनी बाजार जा रहा था। इसी दौरान बग्घा-54 से सरपुड़ा जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर झपट्टा मार दिया। इसी बीच खटीमा से सवारी वाहन से गांव जा रहे उप प्रधान हेमंत सिंह कन्याल ने बाघ को छात्र पर हमला करते देखा। उन्होंने वाहन में सवार अन्य लोगों के साथ शोर मचाया। शोर सुनकर बाघ छात्र को छोड़कर जंगल की ओर चला गया। बाघ के हमले में ईश्वर के चेहरे, कंधे और सिर पर गहरे घाव हुए हैं। उसके आंख के नीचे, कंधे और कान के ऊपर सिर में बाघ के पंजों के नाखूनों के निशान हैं। ग्रामीण उसे निजी वाहन से खटीमा के उप नागरिक चिकित्सालय ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सुरई रेंज के रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि बग्घा-54-सरपुड़ा मार्ग पर बाघ ने छात्र पर हमला किया है। वह घायल छात्र का हाल जानने अस्पताल भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है और बाघ की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं। गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और आवश्यक होने पर समूह में वन कर्मियों के साथ जाने की अपील की गई है।

You may have missed

Advertisement