May 31, 2026

पेयजल निगम में मारा जा रहा उत्तराखंड के लोगों का हक : उक्रांद


हल्द्वानी। उत्तराखंड क्रांति दल ने पेयजल निगम में नौकरी देने के नाम पर उत्तराखंड के युवाओं का हक मारे जाने का आरोप लगाया है। केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल का कहना है कि पूर्व में निगम में हुई गलत नियुक्तियों की जांच को लेकर मुख्य सचिव से निवेदन किया गया था मगर, कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उत्तराखंड पेयजल निगम समेत अन्य विभागों में हुई नियम विरुद्ध नियुक्तियों की जांच की मांग को लेकर जल्द ही उक्रांद सीएम धामी से मुलाकात करेगा।
मीडिया को जारी बयान में उनियाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पेयजल निगम में जो नौकरी उत्तराखंड के युवाओं को मिलनी चाहिए थी, उस पर बिहार और यूपी के लोग गलत ढंग से कब्जा करके बैठे हैं। 2005 और 2007 में हुई भर्तियों में भी कई अनिमितताएं पाई गई थी। पेयजल अनुभाग ने खुद 2020 में आदेश जारी कर स्पष्ट तौर पर कहा था कि ये नियुक्तियां उत्तराखंड के शासनादेशों के विरुद्ध हैं। उनियाल ने आरोप लगाया कि फर्जी नियुक्ति पाने वालों में कई लोग ऐसे हैं जो केवल मैदानी क्षेत्रों में ही जमे हुए हैं। इससे अंदेशा होता है कि उत्तराखंड राज्य के मूल निवासियों पर तो एकदम कार्रवाई कर दी जाती है मगर, बाहरी लोगों पर मेहरबानी बरती जाती है। राज्य के लोगों के अधिकारों के हनन के मामले में सीएम को संज्ञान लेना चाहिए और नियम विरुद्ध हुई भर्तियों को रद करना चाहिए।