कोहली के कमरे में घुसपैठ पर होटल ने माफी मांगी
बंगलादेश दौरे के लिये टीम में वापस आए जडेजा
मुंबई । ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने दिसंबर में बंगलादेश दौरे के लिए भारत की टेस्ट और एकदिवसीय टीम में वापसी की है। बीसीसीआई ने यह जानकारी दी। जडेजा को एशिया कप के दौरान घुटने में चोट आई थी। वह घुटने की सर्जरी के बाद रिहैब से गुजर रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें टी20 विश्व कप टीम में शामिल नहीं किया गया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी पीठ की चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर रहे, हालांकि उन्हें बंगलादेश दौरे के लिये टीम में शामिल नहीं किया गया है।
हनुमा विहारी को दो टेस्ट मैचों की शृंखला के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है जबकि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट शृंखला से बाहर हुए अजिंक्या रहाणे अब भी टीम में वापस नहीं आए हैं।
भारत चार, सात और 10 दिसंबर को मीरपुर में तीन एकदिवसीय मैचों के साथ बांग्लादेश दौरे की शुरुआत करेगा, जिसके बाद चट्टोग्राम (14-18 दिसंबर) और मीरपुर (22-26 दिसंबर) में दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
भारत टेस्ट टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव।
भारत वनडे टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर, यश दयाल।
सूर्यकुमार की खामी ढूंढना बेहद मुश्किल : फ्लेमिंग
पर्थ ,। न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव का खेल उस स्तर पर है जहां उनकी खामियां ढूंढना बेहद मुश्किल है।
सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप 2022 का अपना दूसरा अर्द्धशतक जड़ा। भारतीय टीम के अन्य बल्लेबाज जहां पर्थ की उछाल भरी पिच पर सिर्फ 57 रन जोड़ सके, वहीं सूर्यकुमार ने 40 गेंदों पर 68 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली।
फ्लेमिंग ने ईसपीएन क्रिकइन्फो के कार्यक्रम टी20 टाइमआउट पर रविवार को कहा, सूर्यकुमार की सोच सकारात्मक है। वह विकेट पर बहुत ही आक्रामक रूप से खड़े होते हैं जो उन्हें बहुत सारे असामान्य शॉट खेलने की आजादी देता है। अगर गेंदबाज आगे टप्पा देते हैं तो वह कवर के ऊपर से मार सकते हैं। अगर वे छोटी गेंद फेंकते हैं तो वह थर्ड मैन की ओर खेल सकते हैं। सूर्यकुमार सामने के क्षेत्र में भी मजबूत हैं। उन्होंने एक ऐसी तकनीक अपनाई है जिसमें कमजोरी ढूंढना बहुत मुश्किल है।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि उन्होंने सूर्यकुमार को इतने वृहद शॉट होने के बावजूद कभी घबराते हुए या जल्दबाजी में नहीं देखा।
डु प्लेसिस ने कहा, उनका कौशल इतना अच्छा है कि एक गेंदबाज के रूप में आपको ऐसा नहीं लगता कि आप उन्हें कुछ क्षेत्रों में बांध सकते हैं। उनके पास कई तरह के शॉट हैं, जिससे वह मैदान के हर हिस्से में रन बना सकते हैं। मेरे लिये जो चीज सबसे खास है, वह है उनका संयम। एक ऐसा व्यक्ति जिसके पास इतने सारे शॉट हैं, मैंने उन्हें कभी भी उत्तेजित या जल्दबाजी में नहीं देखा। वह खेलते समय बहुत शांत रहते हैंl
कोहली के कमरे में घुसपैठ पर होटल ने माफी मांगी
पर्थ । आईसीसी टी20 विश्व कप में यहां भारतीय टीम की मेज़बानी करने वाले होटल ‘क्राउन पर्थ’ ने विराट कोहली के कमरे में घुसपैठ की घटना पर माफी मांगते हुए कहा कि इस कृत्य में शामिल लोगों को नौकरी से हटा दिया है।
होटल ने बयान जारी कर कहा, हम अतिथि (कोहली) से माफी मांगते हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठायेंगे ताकि ऐसी घटना की पुनरावृति न हो।
बयान में यह भी कहा गया, यह व्यवहार बिल्कुल सहनीय नहीं है और यह हमारे टीम के सदस्यों और ठेकेदारों के लिए निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है। क्राउन ने इस मुद्दे को सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। इसमें शामिल व्यक्तियों को क्राउन से हटा दिया गया है। क्राउन तीसरे पक्ष के ठेकेदार के साथ एक जांच कर रहा था और यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा कि इस प्रकार की घटना फिर से न हो।
कोहली इस समय भारतीय टीम के साथ एडिलेड पहुंच चुके हैं, जहां भारत का सामना बंगलादेश से बुधवार को होगा। कोहली ने अपने कमरे में कथित घुसपैठ की वीडियो साझा करते हुए कहा था कि यह बहुत ही खौफनाक है।
कोहली ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए कहा, मैं समझता हूं कि प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाडिय़ों को देखकर बेहद खुश और उत्साहित हो जाते हैं। मैंने हमेशा इसकी सराहना की है, लेकिन यह वीडियो बहुत ही खौफनाक है और इसने मुझे डरा दिया है। अगर मुझे अपने होटल के कमरे में भी निजता नहीं मिलेगी, तो मैं कहां इसकी उम्मीद कर सकता हूं। मैं इस तरह के पागलपन और निजता के उल्लंघन का बिल्कुल समर्थन नहीं करता।
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-12 मुकाबले के लिये यहां क्राउन पर्थ होटल में ठहरी थी। जब यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तब टीम एडिलेड के लिये रवाना हो चुकी थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति कोहली के कमरे में घूम-घूम कर उनके सामान को दिखा रहा है और वीडियो पर ‘होटल में किंग कोहली का कमरा’ लिखा हुआ है।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने कोहली की वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, यह हास्यास्पद और एकदम अस्वीकार्य है। कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी इस घटना पर नाराजग़ी जताते हुए कहा कि यह अब तक का उनका सबसे खराब अनुभव है।
अनुष्का ने कहा, कुछ ऐसी घटनाओं का अनुभव किया है जहां कुछ प्रशंसकों ने अतीत में भी इस तरह की हरकतें की हैं, लेकिन यह वास्तव में अशोभनीय घटना है। यह एक इंसान की निजता का उल्लंघन है।
