March 31, 2026

बैंक ऑफ बड़ौदा का दूसरी तिमाही में लाभ 59 प्रतिशत बढक़र 3,313 करोड़


नयी दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) का वसूली में फंसे ऋणों में गिरावट और ब्याज आय में बढ़ोतरी के दम पर जुलाई-सितंबर 2022 तिमाही में शुद्ध लाभ 59 प्रतिशत के उछाल के साथ 3,313 करोड़ रुपये रहा।
बीओबी ने एक बयान में कहा कि जुलाई-सितंबर 2021 तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 2,088 करोड़ रुपये था।
बैंक की कुल आय चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढक़र 23,080.03 करोड़ रुपये दर्ज की गयी जो एक वर्ष पूर्व 20,270 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक को शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) के रूप 34.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 10,714 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
बीओबी के दूसरी तिमाही परिणामों में अवरुद्ध ऋणों (एनपीए) में सुधार देखा गया।
बैंक का सितंबर 2022 के अंत में सकल एनपीए सुधरकर 5.31 प्रतिशत पर आ गया जो एक साल पहले 8.11 प्रतिशत था। इसी तरह शुद्ध एनपीए 2.83 प्रतिशत से ठीक होकर 1.16 प्रतिशत रहा।
बीओबी ने कहा कि आलोच्य तिमाही में समेकित आधार पर उसका शुद्ध लाभ 3,400 करोड़ रुपये रहा जो एक वर्ष पूर्व 2,168 करोड़ रुपये था।