Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

अंकिता के परिजनों को न्याय दिलाने की लड़ाई में उतरा छात्र संघ


श्रीनगर गढ़वाल। अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में परिजनों को न्याय दिलाने की लड़ाई में गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी आगे आए हैं। बुधवार को अंकिता की मां और पिता के साथ श्रीनगर में बैठक कर छात्र संघ पदाधिकारियों ने खुल कर आगे आने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए गुरुवार को श्रीनगर में रैली भी निकाली जाएगी। साथ ही गोला पार्क में सभा का आयोजन भी किया जाएगा। छात्र संघ अध्यक्ष गौरव मोहन नेगी, उपाध्यक्ष रोबिन सिंह, सचिव सम्राट राणा, सह सचिव रंजना, कोषाध्यक्ष योगेश व छात्रा प्रतिनिधि मोनिका चौहान ने कहा कि सरकार अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले के दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस पहल करे। अन्यथा छात्र सड़कों पर उतरने को विवश हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्र संघ के आह्वान पर गुरुवार को विवि गेट से लेकर नगर के मुख्य मार्गों पर रैली निकाली जाएगी। रैली के बाद गोला बाजार में सभा होगी। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा उत्तराखंड शर्मसार हुआ है। सरकार दोषियों को सजा दिलाने के बजाय अब सोई हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने इस मामले में संलिप्त वाईआईपी का नाम उजागर करने की मांग भी की।

You may have missed

Advertisement