Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

चीन में तबाही मचा रहे कोरोना वैरिएंट के 3 मामले भारत में मिलने से हडक़ंप, सरकार अलर्ट


नई दिल्ली । चीन में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के लिए जिम्मेदार कोरोना वायरस के ओमिक्रोन उपस्वरूप बीएफ.7 के तीन मामले भारत में भी सामने आए हैं। आपको बता दें कि यह वही वैरिएंट है, जो चीन में तबाही मचा रहा है। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
अधिकारियों ने बताया कि गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र ने भारत में बीएफ.7 के पहले मामले का पता लगाया था। उन्होंने कहा कि अब तक गुजरात से दो मामले सामने आए हैं, जबकि ओडिशा से एक मामला सामने आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कोविड समीक्षा बैठक में विशेषज्ञों ने कहा कि हालांकि अभी तक कोविड मामलों की संख्या में समग्र वृद्धि नहीं हुई है, लेकिन मौजूदा और उभरते स्वरूपों पर नजऱ रखने के लिए निरंतर निगरानी की आवश्यकता है।
यहां आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चीन के विभिन्न शहर वर्तमान में कोविड के अत्यधिक संक्रामक स्वरूप ओमिक्रोन, ज्यादातर बीएफ.7, की चपेट में हैं, जो बीजिंग में फैलने वाला मुख्य स्वरूप है। इसी के कारण चीन में कोविड संक्रमण के मामलों में व्यापक उछाल आया है।
बीएफ.7 ओमीक्रोन के स्वरूप बीए.5 का उपस्वरूप है और इसमें संक्रमण की व्यापक क्षमता होती है तथा इसकी इनक्यूबेशन अवधि कम होती है और इसमें पुन: संक्रमण पैदा करने या उन लोगों को भी संक्रमित करने की उच्च क्षमता होती है, जिन्हें टीका लगाया जा चुका है। यह अमेरिका, ब्रिटेन और बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस और डेनमार्क जैसे यूरोपीय देशों सहित कई देशों में पहले ही पाया जा चुका है।

Advertisement