May 31, 2026

सड़कों के मुआवजे व सीएम विवेकाधीन कोष के चेक बांटे


बागेश्वर। सड़क निर्माण में कटी भूमि का मुआवजा किसानों को लंबे समय बाद वितरित किया गया। इसके लिए ग्रामीण कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब उनकी समस्या दूर हो गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष के भी चेक बांटे गए। विधायक सुरेश गड़िया ने बताया कि किसी भी किसान का अहित नहीं होने दिया जाएगा। जिस व्यक्ति ने विकास के लिए अपनी भूमि दी है उसे निराश नहीं होने दिया जाएगा। रामलीला मैदान कपकोट में मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हरसीला-पुड़कुनी, हरसीला-नान कन्यालीकोट, मुनार बैंड-सूपी सड़क, लीली मोटर मार्ग, शामा-लीती गोगिना, कन्यालीकोट-जगथाना, कन्यालीकोट-जगथाना सड़क निर्माण का मुआवजा दिया गया। इसके तहत 43 लाख, 39 हजार रुपये के चेक बांटे गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के तीन लाख रुपये की धनराशि के चेक भी बांटे गए। विधायक गड़िया ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास के लिए संघर्ष जारी है। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम शाही, मुख्य विकास अधिकारी संजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष भाजपा गणेश सुरकाली, एसडीएम मोनिका, सुरेश कांडपाल, मनोहर राम, दयाल ऐठानी, ओम प्रकाश ऐठानी, हरीश कोरंगा, भगवत कोरंगा रहे।