पुलिस ने टैक्सी यूनियन को बताया मेले का रूट चार्ट
बागेश्वर। पुलिस ने उत्तरायणी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है। बाजार में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। कपकोट, कांडा, गरुड़ तथा नदीगांव मार्ग पर चलने वाले वाहन वाय पास होते हुए जाएंगे। सीओ शिवराज सिंह राणा ने मंगलवार को कोतवाली में बैठक कर टैक्सी यूनियन व व्यापार मंडल पदाधिकारियों को यातायात में किए गए बदलाव की जानकारी दी। इसका पालन करने की अपील की। उन्हें सख्त लहजे में कहा कि टैक्सी चालक किसी भी यात्री से मनमाना किराया नही वसूलेंगे, शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों से भी नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा बाहर से आने वाले व्यापारियों तथा मेलार्थियों को सहयोग देने की अपील की है।
