March 3, 2026

हर मैच को अपने आखिरी मैच की तरह खेलना चाहिये: कोहली

कोहली का शतक, भारत ने पहले वनडे में श्रीलंका को 67 रन से हराया
गुवाहाटी। विराट कोहली के करियर के 45वें एकदिवसीय शतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां श्रीलंका को 67 रन से हराकर तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई। कोहली ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 113 रन की पारी खेली जिससे भारत ने छह विकेट पर 373 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कोहली ने 87 गेंद में 12 चौके और एक छक्का जड़ा। सलामी बल्लेबाजों कप्तान रोहित शर्मा (83) और शुभमन गिल (70) ने भी अर्धशतक जडऩे के अलावा पहले विकेट के लिए 143 रन जोडक़र भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी।
श्रीलंका की टीम इसके जवाब में कप्तान दासुन शनाका (नाबाद 108, 88 गेंद, 12 चौके और तीन छक्के) के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका (72) के अर्धशतक के बावजूद आठ विकेट पर 306 रन ही बना सकी। शनाका ने कासुन रजिता (नाबाद 09) के साथ नौवें विकेट के लिए 100 रन की अटूट साझेदारी की। भारत की ओर से उमरान मलिक ने 57 रन देकर तीन जबकि मोहम्मद सिराज ने 30 रन देकर दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और उसने छठे ओवर में 23 रन तक दो विकेट गंवा दिए।
पारी के चौथे ओवर में सिराज के खिलाफ अविष्का फर्नांडो (05) ने गेंद को हवा में लहराकर मिड ऑफ पर हार्दिक पंड्या को कैच थमाया जबकि इस तेज गेंदबाज ने अगले ओवर में कुसाल मेंडिस (00) को भी बोल्ड किया। चरित असलंका भी 23 रन बनाने के बाद उमरान का शिकार बने। उन्होंने विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच थमाया। असलंका ने डीआरएस नहीं लिया लेकिन रीप्ले में दिखा कि गेंद उनके थाई पैड से टकराकर राहुल के हाथों में गई थी। निसंका और धनंजय डिसिल्वा (47) ने चौथे विकेट के लिए 72 रन जोडक़र पारी को संवारने की कोशिश की।
निसंका ने 21वें ओवर में युजवेंद्र चहल पर लगातार दो चौकों और एक रन के साथ 57 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। इसी ओवर में टीम का रनों का शतक भी पूरा हुआ। रोहित ने इसके बाद मोहम्मद शमी को गेंदबाजी में वापसी कराई और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं करते हुए धनंजय को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच करा दिया। धनंजय ने 40 गेंद का सामना करते हुए नौ चौके मारे। निसंका भी इसके बाद उमरान की उछाल लेती गेंद को पुल करने की कोशिश में अक्षर को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 80 गेंद की पारी में 11 चौके मारे।
वानिदु हसरंगा (16) ने आते ही चहल की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन अगली गेंद को सीधे श्रेयस अय्यर के हाथों में खेल गए। उमरान ने अगले ओवर में दिमुथ वेलालागे (00) को स्लिप में गिल के हाथों कैच कराके श्रीलंका का स्कोर सात विकेट पर 179 रन किया। शनाका और चमिका करूणात्ने (14) ने टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। पंड्या ने करूणात्ने को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। श्रीलंका को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 154 रन की दरकार थी। शनाका ने उमरान पर तीन चौके और फिर अक्षर पर दो रन के साथ 50 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
शनाका की उम्दा पारी के बावजूद श्रीलंका को अंतिम पांच ओवर में 112 रन की जरूरत थी जिससे उसकी हार तय हो गई थी। शनाका ने आखिरी ओवर में शमी की पांचवीं गेंद पर चौके के साथ 87 गेंद में दूसरा शतक पूरा किया। शमी ने तीसरी गेंद के बाद गेंदबाजी छोर पर गेंद फेंकने से पहले आगे निकलने पर शनाका को रन आउट कर दिया था लेकिन रोहित ने अपील वापस ले ली।
इससे पहले चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ भारत के पिछले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में 113 रन की पारी खेलने वाले कोहली एक बार फिर अच्छी लय में दिखे। यहां चार साल पहले हुए एकमात्र एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में शतक (वेस्टइंडीज के खिलाफ 140) जडऩे वाले भारत के पूर्व कप्तान कोहली का भाग्य ने भी पूरा साथ दिया। उन्हें 52 और 81 रन के स्कोर पर जीवनदान मिले। वह अब महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के विश्व रिकॉर्ड 49 शतक से

सिर्फ चार शतक दूर हैं। कोहली के नाम पर अब 73 अंतरराष्ट्रीय शतक हो गए हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 27 जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक शतक जड़ा है।
कप्तान रोहित (67 गेंद में 83 रन, नौ चौके, तीन छक्के) ने फॉर्म में चल रहे इशान किशन और सूर्यकुमार यादव को नहीं खिलाने को लेकर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए शुभमन गिल (60 गेंद में 70 रन, 11 चौके) के साथ मिलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। सपाट पिच पर रोहित को श्रीलंका के तेज गेंदबाजों के खिलाफ कोई परेशानी नहीं हुई। भारतीय कप्तान ने कई पुल शॉट खेले और 41 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। गिल ने कप्तान का अच्छा साथ निभाया और 51 गेंद में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। शनाका ने गिल को पगबाधा करके भारत की सलामी जोड़ी के दबदबे को खत्म किया।
शतक के सूखे को खत्म करने की कोशिशों में जुटे रोहित भी इसके बाद पदार्पण कर रहे दिलशान मदुशंका की गेंद पर बोल्ड हो गए। श्रीलंका के गेंदबाजों ने इसके बाद कुछ देर रन गति पर अंकुश लगाकर 400 रन से अधिक के स्कोर को भारत की जद से दूर किया। कोहली और श्रेयस अय्यर (28) ने रन गति में इजाफ़े का प्रयास किया। अय्यर लय में दिखे और उन्होंने हसरंगा पर छक्का जड़ा लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। लोकेश राहुल (39) भी अच्छी शुरुआत के बाद रजिता की गेंद पर बोल्ड हो गए। रजिता श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 88 रन देकर तीन विकेट चटकाए।  

हर मैच को अपने आखिरी मैच की तरह खेलना चाहिये: कोहली
गुवाहाटी । श्रीलंका के खिलाफ 113 रन की आक्रामक पारी खेलकर जीत की पृष्ठभूमि तैयार करने वाले दिग्गज विराट कोहली ने कहा कि वह हर मैच को उस रवैये के साथ खेलते है जैसे कि यह उनका आखिरी मैच हो। कोहली की 88 गेंद में 113 रन की पारी के दम पर भारत ने पहले एकदिवसीय में छह विकेट पर 373 रन बनाने के बाद श्रीलंका की पारी को आठ विकेट पर 306 रन पर रोक दिया।
एकदिवसीय में 45वां शतक पूरा करने वाले कोहली मैन ऑफ द मैच बने। उन्होंने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा,  एक चीज जो मैंने सीखी वह यह कि हताशा आपको कहीं नहीं ले जाती। आपको चीजों को जटिल बनाने की जरूरत नहीं है। मैदान में बिना किसी डर के खेलो। मैं चीजों को पकड़ कर नहीं रख सकता। आपको सही कारणों से खेलना होता है और हर मैच को ऐसे खेलना होता है जैसे कि यह आपका आखिरी हो और बस इसके बारे में खुश रहें। खेल आगे बढ़ता रहेगा। मैं हमेशा के लिए खेलने नहीं जा रहा हूं, मैं एक खुशहाल जगह पर हूं और अपने समय का आनंद ले रहा हूं।
भारत के इस पूर्व कप्तान ने कहा,  मुझे नहीं लगता कि मैंने अपनी पारी में कुछ अलग किया। मेरी तैयारी और इरादा हमेशा एक जैसा रहता है। मुझे लगा कि मैं गेंद को अच्छे से हिट कर रहा हूं। यह उस लय के करीब था जिसके साथ मैं खेलता हूं, मुझे समझ में आया कि हमें अतिरिक्त 25-30 रनों की जरूरत है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (83) और शुभमन गिल (70) ने भी अर्धशतक जडऩे के अलावा पहले विकेट के लिए 143 रन जोडक़र भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी। रोहित ने कहा कि वह टीम की बल्लेबाजी से संतुष्ट हैं लेकिन गेंदबाजी में सुधार करना होगा।
भारतीय कप्तान ने कहा,  हमने बल्ले से अच्छी शुरुआत की। बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुझे लगा कि हम बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे। मैं ज्यादा आलोचना नहीं करना चाहता क्योंकि परिस्थितियां आसान नहीं थीं। खासकर ओस गिरने के बाद। उन्होंने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका के खिलाफ रन आउट की अपील वापस लेने के बारे में पूछे जाने पर कहा,  मुझे नहीं पता था कि (मोहम्मद) शमी ने ऐसा किया, वह 98 रन पर बल्लेबाजी कर रहा था। उसने जिस तरह से बल्लेबाजी की वह शानदार थी, हम उसे इस तरह आउट नहीं कर सकते। शमी ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद के बाद गेंदबाजी छोर पर गेंद फेंकने से पहले आगे निकलने पर शनाका को रन आउट कर दिया था लेकिन रोहित ने अपील वापस ले ली।
मैच में नाबाद 108 रन की पारी खेलने वाले शनाका ने कहा, उनके (भारत) सलामी बल्लेबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलायी। हमने नयी गेंद से अच्छी गेंदबाजी नहीं की, उनके गेंदबाज शुरुआत में स्विंग कराने में सफल रहे। उन्होंने कहा,  हमने भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ योजना बनाई थी लेकिन गेंदबाज चीजों को सही तरीके से नहीं कर पाये। उन्होंने अपनी शतकीय पारी और बल्लेबाजी क्रम में नीचे आने के बारे में पूछे जाने पर कहा,  मुझे लगता है कि मैं चीजों को सही तरीके से कर रहा हूं। मेरा मानना है कि टी20 में और पहले बल्लेबाजी के लिए आ सकता हूं लेकिन इस प्रारूप में छठे क्रम पर ही बल्लेबाजी करनी होगी।  

उमरान मलिक ने तोड़ा 24 साल पुराना रिकॉर्ड
सबसे तेज गेंद करने वाले भारतीय खिलाड़ी बने
गुवाहाटी। भारत और श्रीलंका के बीच इस समय तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज में भारत ने श्रीलंका को पहले वनडे में हराकर पहला मैच जीत लिया है। इस मैच में जीत के साथ ही भारत ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 373 रन का विशाल स्कोर बनाया था।
वहीं इस मैच में एक रिकॉर्ड भी बना और वो रिकॉर्ड रहा उमरान मलिक के नाम। उमरान ने अपनी रफ्तार का जलवा दिखाया और इस मैच में 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। उमरान मलिक अब वनडे में भी भारत के लिए सबसे तेज गेंद फेंकने वाले भारतीय बन गए हैं।
इसके पहले ये रिकॉर्ड पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ के नाम था। 1999 विश्व कप में जवागल श्रीनाथ ने 154.5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद की थी। इसके 24 साल बाद उमरान मलिक ने ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कुछ दिन पहले ही उमरान टी20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज गेंद करने वाले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 156 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद की थी।
००

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने किया टेस्ट टीम का ऐलान
अनुभवी स्पिनर एडम जाम्पा को नहीं मिली जगह
नईदिल्ली, । भारता अभी श्रीलंका के साथ अपनी वनडे सीरीज खेल रहा है। इस सीरीज में भारत ने अपना पहला वनडे मैच जीत लिया हैं, जिसके बाद टीम सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। वहीं फरवरी में टीम ऑस्ट्रेलिया के साथ भिड़ेगी। ऑस्ट्रेलिया फरवरी में भारत का दौरा करेगी ।
इस दौरे के दौरान दोनों टीमों के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज को लेकर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इसमें एक बड़ा फैसला लिया गया है। जी हां टीम में अनुभवी स्पिनर एडम जाम्पा को जगह नहीं मिली है। उनकी जगह युवा प्लेयर ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी को टीम में जगह दी गई है।
पैट कमिंस (कप्तान), एश्टन एगर, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, पीटर हैंडस्कोम्ब, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, लान्स मॉरिस, टॉड मर्फी, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ (उपकप्तान), मिचेल स्टार्क, मिचेल स्वेप्सन और डेविड वॉर्नर.।

You may have missed