बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं
हिंदुओं के लिए माघ का महीना बहुत ही खास होता है क्योंकि इसी महीने में ही बसंत पंचमी का त्योहार आता है। बसंत पंचमी का त्योहार हर साल पूरे देश में बड़ी ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाने वाला त्योहार है। बसंत पंचमी के दिन सभी लोग माँ सरस्वती की पूजी करते हैं और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। देवी सरस्वती को विद्या, संगीत और कला की देवी माना गया है। बसंत पंचमी का दिन शुक्ल पक्ष का पांचवां दिन होता है और विद्या की अधिष्ठात्री देवी महासरस्वती के जन्मदिन के रूप में भी मनाया जाता है।
बसंत पंचमी के दिन ही विद्या, बुद्धि और ज्ञान की देवी सरस्वती ने प्रकट होकर दुनिया को आवाज़ दी थी। भगवती सरस्वती सत्वगुणसंपन्न हैं और इन्हें हम कई अलग-अलग नामों से भी पुकारते हैं, जैसे- वाक्, वाणी, गिरा, भाषा, शारदा, वाचा, श्रीश्वरी, वागीश्वरी, ब्राह्मी, गौ, सोमलता, वाग्देवी और वाग्देवता। हम माँ सरस्वती की कृपा से ही विद्या, बुद्धि, वाणी, संगीत और ज्ञान को प्राप्त करते हैं। माघमास की पंचमी तिथि को तेजस्विनी और गुणशालिनी देवी सरस्वती की आराधना करने के लिए चुना गया है।
