27 अप्रैल को खुलेंगे बदरीनाथ के कपाट
नई टिहरी। वसंत पंचमी के पावन पर्व पर नरेन्द्रनगर स्थित राजमहल में राजपुरोहित ने बैकुंट धाम बदरीनाथ के कपाट खोलने की तिथि निकाली। शुभ मुहूर्त के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 27 अप्रैल को सुबह सात बजकर 10 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिये खोले जाएंगे। बीते गुरुवार को वसंत पंचमी के शुभ मुहूर्त पर नरेन्द्रनगर राजमहल में बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने का शुभ मुहूर्त निकाला गया। राजपुरोहित कृष्ण प्रसाद उनियाल ने महाराजा मनुजेन्द्र शाह की जन्म कुंडली देखने के साथ ग्रह नक्षत्रों की गणना कर बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि का शुभ मुहूर्त निकाला। साथ ही राजपुरोहित ने भगवान बदरीनाथ के अभिषेक के लिये तेल पिरोये जाने और कलश यात्रा (गाडूघड़ा) का दिन 12 अप्रैल को निश्चित किया। सदियों से चली आ रही परंपरा अनुसार भगवान बदरी विशाल के अभिषेक के लिए नरेन्द्रनगर के राज दरबार में सुहागिन महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिलबट्टे और मूसल से तिलों का तेल पिरोती है, तेल को विशेष प्रकार की जड़ी बूटियों पका कर शुद्ध किया जाता है, जिसके बाद तेल को चांदी के घड़े (तेल कलश)रखा जाता है, और भगवान बदरीनाथ के अभिषेक के लिये बदरीनाथ धाम के लिये नरेन्द्रनगर से रवाना किया जाता है।
राजपुरोहित द्वारा निकाली गई तिथियों की घोषणा परंपरानुसार महाराजा मनुजेंद्र शाह ने घोषित की। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से देश, प्रदेश की सुख् समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर टिहरी सांसद राज्यलक्ष्मी शाह, श्रीजा शाह, बदरी केदार समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय, भाजपा प्रवक्ता विनोद सुयाल, किशोर पंवार, रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी, मुख्य कार्यकारी धर्माधिकारी योगेंद्र सिंह,राजपाल पुंडीर, अनिल ध्यानी आदि उपस्थित थे।
