June 29, 2026

डबल इंजन की सरकार ने जुमलों के जाल में फंसा कर जनता को ठगा: लक्ष्मी


विकासनगर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मी कपरुवाण अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जुमलों के जाल में फंसा कर जनता को गुमराह कर रही है, लेकिन अब देश की जनता भाजपा का असली चेहरा पहचान चुकी है। लिहाजा अब जनता ही भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। ये बातें उन्होंने रविवार को सेलाकुई में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से शुरू किए गए जय भारत सत्याग्रह अभियान के तहत आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कही। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हो या राज्य सरकार, दोनों ने अपने जुमलों के जाल में फंसा कर जनता को ठगने का काम किया है। चाहे वो 15 लाख रुपए देने का वादा हो या महंगाई कम करने, रोजगार मुहैया कराने के दावे, सभी खोखले साबित हुए। अच्छे दिन का वादा करके गैस सिलेंडर के दाम को हजार पार कर दिया, डीजल पेट्रोल के बढ़ते दामों से महंगाई आसमान छू रही है, जिससे अन्य कामकाज भी प्रभावित हुए हैं। डीजल व पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने गरीब मजदूर से लेकर मध्यम वर्ग को सकते में डाल दिया है। बढ़ती महंगाई से मध्यम वर्ग परेशान है। मध्यम वर्ग के लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। बाजार में कोई भी दाल सौ रुपये किलो से कम नहीं है। जबकि खाने का तेल 185 से 200 रुपए लीटर बिक रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता निरस्त करना भाजपा का षड्यंत्र है। सत्ता में बैठी भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस पार्टी देशभर में लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है। राहुल गांधी देश की जनता के मुद्दे केन्द्र सरकार के सामने उठा रहे थे। देश के लोगों की आवाज बनकर केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ संसद में संघर्ष कर रहे थे। इससे केन्द्र सरकार बौखला गई। कहा कि केंद्र सरकार लगातार विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने में जुटी है लेकिन कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। इस दौरान देवेश कुमार, सुलोचना, मंदीप, शंभू प्रसाद आदि मौजूद रहे।

You may have missed