Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 22, 2026

बेटे ने की सीएम पोर्टल पर शिकायत, तो पिता का लाइसेंस किया निरस्त


नई टिहरी। करे कोई, भरे कोई मुहावरे वाला कुछ ऐसा ही मामला देवप्रयाग नगरपालिका और शिकायतकर्त्ता के बीच देखने को मिला है। एक युवक ने बीते 19 जून को मुख्यमंत्री पोर्टल पर एनएच-58 विजयलक्ष्मी होटल के पास अतिक्रमण को लेकर शिकायत की थी। जिस पर नगरपालिका देवप्रयाग ने युवक के पिता का ठेकेदारी का पंजीकरण और टेंडर निरस्त कर दिया। नगरपालिका द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही पर युवक ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को ज्ञापन भी भेजा है। बीते 19 जून को देवप्रयाग निवासी अंकित ध्यानी ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर देवप्रयाग के पास विजयलक्ष्मी होटल के सामने कुछ लोगों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ठेली लगाने को लेकर शिकायत की थी। शिकायत में युवक ने कहा कि अभी तक इस स्थान पर तीन बार वाहनों की टक्कर हो चुकी है। ऐसे में इस मोड़ पर अतिक्रमण करने वालों को हटाया जाए। जिस पर मुख्यमंत्री पोर्टल से शिकायतकर्ता को नगरपालिका में शिकायत दर्ज करने को कहा था। शिकायतकर्ता अकिंत ने बताया कि वह इस संबंध में कई बार नगरपालिका को बता चुका है, लेकिन मामले में कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। जिस पर मुख्यमंत्री कार्यालय से नगर पालिका प्रशासन से जवाब मांगा गया था। जिस पर गुस्साए पालिका अधिकारियों ने 20 जून को अकिंत के पिता सुशील ध्यानी का ठेकेदारी का पंजीकरण और टेंडर निरस्त करने का नोटिस भेज दिया गया। जिसमें लिखा गया था कि आपके बेटे की ओर से उच्चाधिकारियों को बेवजह नगरपालिका की शिकायत की गई है। जिसके कारण नगरपालिका आपका रजिस्ट्रेशन और टेंडर निरस्त करती है।

Advertisement