Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

आईडीपीएलवासियों के संघर्ष में साथ दूंगा: हरीश रावत


ऋषिकेश। आईडीपीएल में आवास ध्वस्त करने की प्रशासन की कार्रवाई पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया सरकार यह जमीन गुजरात के एक उद्योगपति को देना चाहती है। आरोप लगाया कि प्रदेश की धामी सरकार उद्योगपति के दबाव में भवनों पर बुलडोजर चला रही है। पूर्व सीएम बोले कि किसी भी स्थानीय निवासी पर डंडा और भवन पर बुलडोजर चला, तो कांग्रेस आंदोलन में साथ खड़ी होगी। महीनेभर से आईडीपीएल से आवास खाली कराने के विरोध में चल रहे आंदोलन में सोमवार को पूर्व सीएम हरीश रावत भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि आईडीपीएल को बचाने के लिए साझा लड़ाई की जरूरत है। आंदोलनकारियों को अन्य राजनीतिक और सामाजिक संगठन को भी साथ लाना होगा। कहा कि यहां लोग कब्जा करके नहीं बैठे हैं, बल्कि सरकार की इजाजत से वहां निवास कर रहे हैं। बोले, स्थानीय लोगों के पास घर बचाने का सिर्फ एक ही रास्ता है कि वह साझी लड़ाई की रणनीति बनाएं। सरकार के अन्याय के खिलाफ कांग्रेस कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पूरा ऋषिकेश आईडीपीएल के साथ खड़ा होगा, तो उन्हें समझ आएगी। पूछा, आखिर मंत्री अग्रवाल इस अन्याय के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठा रहे हैं। भरी बरसात में स्थानीय लोगों को बेघर करने की कार्रवाई पर वह क्यों चुप्पी साधे हैं। कहा कि कांग्रेस के विधायक सरकार को आईडीपीएल बचाने को लेकर पत्र लिखेंगे। मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, राजपाल खरोला, जयेंद्र रमोला, विजयपाल सिंह रावत, संदीप कुमार, सुनील रामेश्वरी चौहान, उर्मिला, हेमंत, सूरज, जसवंत रावत, एनएच सिंह, सहजल शर्मा, आरती, विमला, सरिता आदि मौजूद रहे।

Advertisement