जसपुर में ग्रामीणों का धरना जारी, बहनों ने धरना स्थल पर ही बांधी राखी
काशीपुर। पतरामपुर में अतिक्रमण हटाने के मामले में भाकियू एवं पीड़ित परिवारों का सातवें दिन भी धरना जारी रहा। धरना स्थल पर ही कई महिलाओं ने अपने भाइयों को राखी बांधी। बुधवार को भी ग्राम पतरामपुर में पीड़ितों का धरना जारी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन ने उन्हें खसरा नंबर 290 से अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए थे। जबकि अतिक्रमण खसरा नंबर 287 में हटाकर उनके घर और दुकानें तोड़ दी। उन्हें बेघर कर दिया। उन्होंने सरकार से आबादी में दर्ज खसरा नंबर 287 में पुनर्वास योजना के तहत आवासीय पट्टे देकर पुनर्वास कराने की मांग की। इस दौरान धरना स्थल पर पहुंची महिलाओं ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। यहां कुलदीप सिंह, अमनप्रीत सिंह, जगजीत सिंह, गज्जन सिंह, स्वर्ण सिंह, दारा सिंह, नौशाद अहमद, शमशाद हुसैन, नजीर अहमद आदि रहे।
