बागेश्वर में लाइनमैन करंट की चपेट में आकर झुलसा
बागेश्वर। बिजली के पोल पर चढ़कर जोड़ रहा रहा एक लाइनमैन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। वह झटके से पोल से नीचे गिर गया। साथ में गए अन्य कर्मचारी उसे जिला अस्पताल ले गए। लाइनमैन को ठेकेदार उपचार के लिए हल्द्वानी ले जाएगा। घटना के बाद फिर ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बालीघाट में बिजली की लाइन में फॉल्ट था। लाइनमैन 30 वर्षीय मंगल सिंह परिहार पुत्र जगत सिंह परिहार निवासी स्यूनी ने शटडाउन लिया। वह पोल पर चढ़ गए। पोल के सामने बनलेख की हाइटेंशन लाइन भी थी। जिस पर करंट दौड़ रहा है। पोल में चढ़ते ही वह करंट के चपेट में आ गया। वह झटके से नीचे गिर गया। उसका दायां हाथ झुलस गया। स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल में पहुंचाया। जहां अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। डा. साक्षी ने बताया कि लाइनमैन की जान बच गई है। लगभग 30 प्रतिशत ही झुलसा है। लाइनमैन ने कहा कि वह ठेकेदार के अधीन काम करता है। वह उपचार के लिए हल्द्वानी जाएंगे। इधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मोहम्मद अफजाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
