September 17, 2024

बागेश्वर में घास काटने जंगल गई महिला की खाई में गिरकर मौत


बागेश्वर। कोतवाली पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत लेटी गांव की एक महिला जंगल में घास काटते समय असंतुलित होकर खाई में गिर गई। उसके सिर पर गंभीर चोट लग गई। साथ में गई अन्य महिलाओं ने इसकी सूचना गांव को दी। ग्रामीणों ने महिला को खाई से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेटी गांव निवासी 28 वर्षीया बसंती देवी पत्नी सोबन सिंह शनिवार को गांव की अन्य महिलाओं के साथ पास के जंगल में घास काटने गई थी। घास काटते समय उसका पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गई। हादसे में वह गंभीर घायल हो गई। साथी महिलाओं ने इसकी जानकारी गांव में दी। सूचना पर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्मय से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो बच्चे हैं। बेटी सात तो बेटा तीन साल का है। जिला अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।