बस नाम का पीजी कॉलेज, जरूरी विषय ही नहीं
उत्तरकाशी। बर्फिया लाल जुवांठा पीजी कॉलेज कुरुड़ा पुरोला में लंबे समय से संचालित नहीं हो रहे महत्वपूर्ण विषयों को शुरू करने की मांग तेज हो गई है। छात्रों का कहना है कि विषयों के अभाव में क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए बाहर जाकर पढ़ाई करना संभव नहीं है जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।इसी मांग को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष गोविन्द सिंह ने उच्च शिक्षा सचिव डॉ. वीआर पुरुषोत्तम को उपजिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर भूगोल, संस्कृत, गृह विज्ञान और चित्रकला जैसे महत्वपूर्ण विषय संचालित नहीं हैं। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषय भी शुरू नहीं किए गए हैं।छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय मोरी, नौगांव और पुरोला विकासखंड के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां सभी जरूरी विषयों का संचालन होना चाहिए। उन्होंने शासन से रिक्त एवं अपूर्ण विषयों को जल्द स्वीकृति देकर कक्षाएं शुरू करने की मांग की। छात्रसंघ अध्यक्ष गोविन्द सिंह ने कहा कि मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-छात्राएं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
