ट्रेड डील के विरोध में किसानों ने दी सांकेतिक गिरफ्तारी
रुद्रपुर । भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को नानकमत्ता कृषि अनाज मंडी में किसानों ने प्रदर्शन किया। जेल भरो-रास्ता रोको आंदोलन के तहत किसानों ने सांकेतिक गिरफ्तारी दी। पुलिस ने बाद में सभी को रिहा कर दिया। विभिन्न किसान संगठनों ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए भागीदारी की। मंडी परिसर में किसान सभा के जिलाध्यक्ष गुरनाम सिंह के नेतृत्व में किसान एकत्र हुए। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिलाध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के लिए खतरनाक बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की।उन्होंने एसएमओ जगदीश कलोनी से आगामी सीजन में धान खरीद व्यवस्था समय से दुरुस्त करने, छोटे काश्तकारों की समस्याओं का समाधान करने और धान की तौल में अनावश्यक कटौती बंद करने की मांग की। इसके बाद किसान नारेबाजी करते हुए नानकमत्ता-खटीमा मुख्य मार्ग की ओर बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोककर सांकेतिक हिरासत में लिया। अधिकारियों के समझाने के बाद सभी को मंडी परिसर में छोड़ दिया गया। किसानों ने मनरेगा में 200 दिन रोजगार, 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी और किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग भी उठाई। इस दौरान जगीर सिंह, लोहार सिंह राणा, मन खुशी सिंह राणा, सुरेश सिंह राणा, त्रिलोक सिंह और अमरीक सिंह मौजूद रहे।
