August 11, 2026

एक साल से स्कॉलरशिप का इंतजार, फीस के लिए परेशान पॉलिटेक छात्र    


रुद्रपुर । सितारगंज में स्थित एमएसएमई पॉलीटेक्निक के छात्रों को एक साल से स्कॉलरशिप नहीं मिलने का मामला सामने आया है। शक्तिफार्म क्षेत्र के छात्र सोमवार को विकास भवन पहुंचे और जिला समाज कल्याण अधिकारी से मुलाकात कर लंबित छात्रवृत्ति दिलाने की गुहार लगाई। छात्रों का कहना है कि उन्होंने छात्रवृत्ति के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं, इसके बावजूद एक सेमेस्टर की छात्रवृत्ति अब तक नहीं मिली है। इससे उन्हें कॉलेज की फीस जमा करने में आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने बताया कि उनका प्रथम वर्ष पूरा हो चुका है और वर्तमान में द्वितीय वर्ष की पढ़ाई चल रही है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण फीस जमा करने में दिक्कत आ रही है। छात्रों के अनुसार पॉलीटेक्निक के पात्र विद्यार्थियों को करीब 33 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलती है, जिसमें से करीब पांच हजार रुपये स्कूल एडमिशन फीस के रूप में काट लिए जाते हैं। उनका कहना है कि प्रथम वर्ष के एक सेमेस्टर की छात्रवृत्ति अभी तक नहीं मिली है, जबकि दूसरा सेमेस्टर भी चल रहा है।