Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 22, 2026

दरणा के ग्रामीणों ने सड़क बनाने की मांग उठाई


बागेश्वर गरुड़ । दरणा के ग्रामीणों को आज भी एक अदद सड़क की दरकार है। सड़क न बनने से ग्रामीण नाराज हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क बनाए जाने की मांग की है। ग्राम पंचायत कोलतुलारी का दरणा तोक मुख्य सड़क से मात्र दो किमी दूर है। यह तोक आज भी सड़क की सुविधा से वंचित है। सड़क ग्रामीणों के लिए आज भी सपना बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि साल 2012 से लगातार वे सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने बताया कि कई बार सांसद व विधायक समेत लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण के लिए लिखित व मौखिक रूप से कहा, लेकिन आज तक गांव के लिए सड़क नहीं बन पाई। सड़क न होने से आज भी मरीजों को डोली से अस्पताल ले जाना पड़ता है। स्कूली बच्चों को जंगल व नदी से होकर जाना पड़ता है। छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क न होने से दरणा के लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। दरणा की ग्राम प्रधान मुन्नी देवी, राजन सिंह किरमोलिया, हेमंत सिंह, आनंद सिंह, कै.शिव सिंह, मदन सिंह व स्वतंत्रता सेनानी की बेटी राधा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता गौतम मैठानी ने विधायक पार्वती दास व जिलाधिकारी से सड़क की समस्या का समाधान करने की मांग की है।

Advertisement