महिला आरक्षण पर भाजपा ने देरी से उठाया कदम: करन माहरा

देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने संसद में पेश महिला आरक्षण बिल का स्वागत करते हुए, इसे भाजपा सरकार द्वारा देरी से उठाया गया कदम करार दिया है। करन माहरा ने बयान जारी करते हुए कहा कि देश की आजादी से लेकर भारत को दुनिया के अग्रणी देश के रूप में में खड़ा करने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और समानता को प्राथमिकता दी है। पहली बार स्वर्गीय राजीव गांधी ने स्थानीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने की पहल की थी, जिसे बाद में स्वर्गीय नरसिम्हा राव की सरकार ने लागू कराया, इसके दम पर आज देशभर के स्थानीय निकायों में 15 लाख चुनी हुई महिला प्रतिनिधि हैं। माहरा ने कहा कि 2008 में भी डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने महिला आरक्षण बिल राज्यसभा में भारी बहुमत से पारित कर लोकसभा में रखने का प्रयास किया लेकिन तब भाजपा के सांसदों ने ही इसका विरोध किया था। अब भाजपा लोकसभा चुनावों की मजबूरी को देखते हुए यह कदम उठा रही है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 महिला आरक्षण बिल से महिलाओं का उनका अधिकार प्राप्त होगा तथा सही मायनों में महिलाएं राजनैतिक क्षेत्र में पुरूषों के कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगी।