Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 9, 2026

कांग्रेस सत्ता में आई तो महिलाओं को हर माह चार हजार का लाभ होगा : राहुल


हैदराबाद । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि अगर तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता में आई तो राज्य में महिलाओं को हर माह करीब चार हजार रुपये का लाभ होगा। राहुल ने दावा किया कि सामाजिक पेंशन, रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कमी तथा मुफ्त बस यात्रा जैसे कदमों के तहत हर महीने 4,000 रुपये का लाभ हो सकता है।
राहुल गांधी ने कालेश्वरम परियोजना के मेदिगड्डा (लक्ष्मी) बैराज के पास अंबातिपल्ली गांव में महिलाओं की एक सभा को संबोधित किया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना की के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) सरकार द्वारा कथित रूप से लूटा गया सारा धन महिलाओं को लौटाने का फैसला किया है। राहुल ने कहा, प्रदेश सरकार ने तेलंगाना की महिलाओं को सबसे अधिक आर्थिक हानी पहुंचाई है। इसलिए कांग्रेस पार्टी ने सरकारी लूट की रकम को आपके बैंक खातों में जमा कराने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पहले कदम के तौर पर महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2,500 रुपये सामाजिक पेंशन के तौर पर जमा किए जाएंगे। साथ ही 1,500 रुपये की बचत भी होगी, क्योंकि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो एलपीजी सिलेंडर 500 रुपये में दिए जाएंगे। महिलाएं सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा कर पाएंगी, जिससे उनके करीब 1,000 रुपये बचेंगे। इस समय एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1,000 रुपये है। राहुल गांधी ने कहा, इन सबसे आपको हर महीने 4,000 रुपये का फायदा होगा। इसे पराजाला सरकार (जनता की सरकार) कहा जाता है।
जनता की सरकार के लिए कांग्रेस का समर्थन करें
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में एक लाख करोड़ रुपये की लूट हुई है। आगामी चुनाव में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), भाजपा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) एक तरफ चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि लड़ाई कांग्रेस और केसीआर के नेतृत्व वाली पार्टी के बीच है। उन्होंने कहा, एआईएमआईएम और

भाजपा, बीआरएस का समर्थन कर रही हैं। इसलिए आपको दोराला सरकार (सामंती सरकार) को हटाने और पराजाला सरकार (जनता की सरकार) की स्थापना के लिए कांग्रेस को पूरा समर्थन देना होगा।
घटिया निर्माण से बैराज के खंभे में दरार आई
राहुल गांधी ने कालेश्वरम परियोजना के मेदिगड्डा बैराज का भी दौरा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण कार्य के कारण बैराज के कई खंभों पर दरारें दिखने लगी हैं। गांधी ने एक्स पर लिखा, कालेश्वर परियोजना यानी केसीआर (तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव) परिवार का एटीएम। मैं मेदिगड्डा बैराज गया, जो तेलंगाना में भ्रष्टाचार से ग्रस्त कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई योजना का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा, कई रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि खंभे धंस रहे हैं।

You may have missed

Advertisement