March 7, 2026

शासन से 31 जनवरी तक विभाग ले सकते हैं वित्तीय स्वीकृतियां


काशीपुर । लोक सभा चुनाव को लेकर शासन पूरी तरह से अलर्ट है। शासन ने इस बाबत अफसरों को पत्र भेजकर विभागीय बजट प्रावधान के सापेक्ष धनराशि के उपयोग के लिए समय सीमा तय की है। शासन वित्तीय स्वीकृतियां 31 जनवरी तक देगा। बता दें कि विभागों को नए वित्तीय वर्ष में बजट खर्च के लिए शासन से अनुमति लेनी होती है। मार्च में आचार संहिता को देखते हुए बजट खर्च के लिए अनुमति मिलना संभव नहीं हो पाता। विकास कार्यों को गति देने को शासन ने अभी से कमर कस ली है। इस क्रम में शासन के अपर सचिव सी. रविशंकर ने प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, प्रभारी सचिवों को भेजे पत्र में कहा है कि लोकसभा चुनाव अप्रैल अथवा मई में संपन्न होने हैं। आचार संहिता भी मार्च के प्रथम सप्ताह में प्रभावी हो सकती है। इसके चलते मार्च 2024 में नए विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति जारी किया जाना संभव नहीं हो सकेगा। अपर सचिव ने विभागों द्वारा वित्तीय वर्ष 2024 में विभागीय बजट प्रावधान के सापेक्ष धनराशि के उपयोग को समय सीमा तय की है। इस क्रम में विभागों से 31 जनवरी तक वित्तीय स्वीकृतियां लेने और विभिन्न कार्यों के टेंडर की अनुमति लेने को कहा है। साथ ही इन कार्यों के कार्य आदेश 15 फरवरी तक निर्गत करने के निर्देश दिए हैं। अपर सचिव ने अफसरों से उनके अधीनस्थ विभागों से इस क्रम में कार्रवाही करने को कहा है। नगर पालिका परिषद के ईओ शाहिद अली ने बताया कि अपर सचिव के आदेश के क्रम में कार्रवाही शुरू करा दी गई है।