Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 6, 2026

दहशत : शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर ग्रामीण


पौड़ी । खिर्सू ब्लाक के ग्वाड़ गांव में गुलदार की दहशत अभी भी बनी हुई है। गुलदार गांव के आसपास ही घूम रहा है लेकिन अभी तक गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हो पाया है। जिससे ग्रामीण गुलदार के डर के साये में जीने को मजबूर है। गुलदार के आतंक से ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। बीती 3 फरवरी को खिर्सू ब्लॉक के ग्वाड़ गांव में गुलदार ने 11 वर्षीय बच्चें को अपना निवाला बना लिया था। गुलदार के हमले के बाद गांव में दहशत बनी हुई है, हालांकि विभाग द्वारा यहां पर पिंजरा लगाने के साथ ट्रैप कैमरे भी लगाए लेकिन गुलदार अभी भी कैद नहीं हो पाया है। ग्वाड़ गांव के ग्रामीण मुकेश सिंह रावत, संपत सिंह, गोविंद रावत, सुरेश, बलवीर, आनंद सिंह आदि ने बताया कि गांव में गुलदार की दहशत बनी हुई है। बीते शुक्रवार को दिन में 3 बजे गुलदार ने गांव के पास ही एक बछड़े को निवाला बना दिया। गुलदार लगातार क्षेत्र में ही घूम रहा है। गुलदार की दहशत के चलते ग्रामीण शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर है। बताया कि गुलदार की दहशत के चलते ग्रामीणों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीण शाम ढलते ही रात का भोजन कर घरों में कैद हो जा रहे है। उन्होंने वन विभाग से ग्रामीणों को जल्द ही गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। वहीं, गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध का कहना है कि लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। विभाग की टीम 24 घंटे प्रभावित क्षेत्रों में तैनात है। गुलदार को कैद करने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।

Advertisement