बागेश्वर में आग सेकते समय महिला झुलसी, हायर सेंटर रेफर
बागेश्वर। । जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पंचायत खोली की एक बुजुर्ग महिला आग सेकते समय झुलस गई। घायलावस्था में उसे परिजन जिला अस्पताल लाए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार खोली निवासी 80 साल की धनुली देवी मंगलवार की सुबह घर में आग सेक रही थी। इसी बीच आग ने उनके कपड़े पकड़ लिए और वह झुलस गई। चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग वहां पर पहुंचे और आग पर काबू किया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाए। उपचार कर रहे डाक्टर एमएस भैसोड़ा ने बताया कि महिला 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया है।
