शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया करें शुरू
ऋषिकेश । लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एसएसपी टिहरी नवनीत भुल्लर ने मुनिकीरेती में पुलिसकर्मियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनाव में शांति व्यवस्था को बरकरार रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। शस्त्रों को जमा कराने की प्रक्रिया भी शुरू करने के लिए कहा। मंगलवार को मुनिकीरेती में वार्षिक निरीक्षण को पहुंचे एसएसपी ने थाना कार्यालय, मालखाना और बैरक आदि का जायजा लिया। लंबित मामलों का तेजी के साथ निस्तारण कर फरार आरोपियों की धरपकड़ को व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों की बैठक में चुनाव को लेकर अभी से सुरक्षा व्यवस्था को और ज्यादा पुख्ता करने के लिए कहा। एसएसपी ने चुनाव को प्रभावित करने वाले की तत्वों की पहचान करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर उन्होंने संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। मौके पर थानाध्यक्ष रितेश शाह, एसएसआई, योगेश चंद्र पांडेय, एसआई राजेंद्र सिंह रावत, आशीष शर्मा, योगेश खुमरियाल, प्रदीप रावत, पिंकी, भंवर सिंह आदि मौजूद थे।
