जनता के पैसे का दुरूपयोग कर रही पालिका: कांग्रेस
ऋषिकेश । कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नगर पालिका मुनिकीरेती प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा है। कार्यकर्ता पालिका क्षेत्र में हाल ही में बनी सड़कों को तोड़ने और बिना प्लानिंग के कार्य कर जनता के पैसे का दुरुपयोग करने से नाराज हैं। उन्होंने पालिका प्रशासन से जल्द सड़कों के निर्माण की मांग की है।मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका मुनिकीरेती कार्यालय में ज्ञापन दिया। मुनिकीरेती कांग्रेस के नगर अध्यक्ष महावीर खरोला ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा बिना प्लानिंग और बिना सड़कों के एलाइनमेंट के सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। फिर दो-तीन महीने बाद उन्हें तोड़ा जा रहा है। बड़े लंबे संघर्षों के बाद 5-6 साल बाद तो क्षेत्र में कुछ सड़क बनी, लेकिन दुर्भाग्य है कि उन सड़कों को फिर से तोड़ा जा रहा है। नगर महासचिव विक्की प्रजापति ने कहा कि वार्ड नंबर तीन के गली नंबर 1 में पीडब्ल्यूडी ने सड़क को जेसीबी द्वारा तोड़ा और सड़क के साथ ही सीवर लाइन के सभी धक्कानों को तोड़ दिया गया। जिससे क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। ऐसे में क्षेत्रवासी परेशान हैं। जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 में भी 6 महीने से अधिक समय से कई सड़क खुदी हुई है। जिससे लोगों के घरों में पानी घुस रहा है। लेकिन कई बार नगर पालिका को अवगत कराने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। कैलाश गेट मुख्य मार्ग से ऋषिलोक गढ़वाल मंडल तक दो माह पूर्व सड़के बनी, अब उन्हें दोबारा तोड़ा जा रहा है। जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। जिला महासचिव संगठन एडवोकेट अनिल रावत ने कहा कि नगर पालिका मुनिकीरेती पिछले 5 वर्षों में क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है। निवर्तमान सभासद अनुराग पायल ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बनी हुई है, जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। बिना प्लानिंग के काम हो रहा है। ज्ञापन देने वालों में अजय रमोला, सचिन सेमवाल, विनोद, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।
