18 हजार मानदेय से कम कोई समझौता नहीं
बागेश्वर । आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 18 हजार रुपये मानदेय की मांग तेज कर दी है। सोमवार को नारेबाजी के साथ उन्होंने धरना दिया। कहा कि सरकार उनके प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने शीघ्र मांगें पूरी नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार करने की चेतावनी दी। नुमाईशखेत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि 600 रुपये प्रति दिन मजदूरी मांग रही हैं। जबकि वर्तमान में मजदूरों को भी सात से एक हजार रुपये तक मजदूरी मिल रही है। सरकार यदि शीघ्र निर्णय नहीं लेती है तो वह लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इधर, कार्यकर्ताओं के आंदोलन के चलते आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लटक गए हैं। पुष्टाहार आदि वितरण भी प्रभावित हो रहा है। जिससे प्रसूता और नवजात शिशुओं तक सामग्री आदि नहीं पहुंच रही है। इस मौके पर भगवती जोशी, लीला आर्या, राहिला तबस्सुम, गीता पांडे, मरयिम डेविड, देवकी रावल, नेहा मलड़ा, निर्मला चौबे, नीमा गोस्वामी, जया जोशी, किरन साह, बसंती देवी, मंजू वर्मा आदि उपस्थित थे।
